18 जुलाई 2025,

शुक्रवार

Patrika LogoSwitch to English
मेरी खबर

मेरी खबर

शॉर्ट्स

शॉर्ट्स

ई-पेपर

ई-पेपर

45 कर्मचारियों के भरोसे शहर व मकरोनिया क्षेत्र की बिजली सप्लाई व्यवस्था, इसमें 98 हजार उपभोक्ता

शहर में बार-बार बिजली गुल हो रही है और लोगों को इस भीषण गर्मी में घंटों तक गर्मी में उबलना पड़ रहा है। सप्लाई बंद होने के बाद टोल फ्री नंबर 1912 पर फोन नहीं लगता है और यदि लग

सागर

Madan Tiwari

Jun 13, 2025

आग

- गर्मी में लोड बढ़ा तो हर रोज 400 से ज्यादा शिकायतें, बारिश में और बिगड़ेगी स्थिति

सागर. शहर में बार-बार बिजली गुल हो रही है और लोगों को इस भीषण गर्मी में घंटों तक गर्मी में उबलना पड़ रहा है। सप्लाई बंद होने के बाद टोल फ्री नंबर 1912 पर फोन नहीं लगता है और यदि लग भी जाए तो शिकायत का समय रहते सुधार नहीं हो पा रहा है, क्योंकि शहर से लेकर मकरोनिया क्षेत्र तक की सप्लाई व्यवस्था संभालने के लिए बिजली कंपनी के पास महज 45 कर्मचारी हैं, जबकि उपभोक्ताओं की संख्या 98 हजार के आसपास है। यह स्थिति कुछ समय पहले हुए मेंटेनेंस के बाद है, इससे यह अंदाजा लगाया जा सकता है कि जब सामान्य दिनों में व्यवस्था नहीं संभल रही है तो बारिश के मौसम में क्या स्थिति बनेगी।

- 5 दिन में 2 हजार से ज्यादा शिकायतें

अचानक बदले मौसम के बाद बिजली गुल होने की समस्या बढ़ गई है। पिछले 4-5 दिन में 2000 से ज्यादा उपभोक्ताओं ने शिकायत दर्ज कराई है। यानी कंपनी के पास हर रोज औसत 400 से ज्यादा शिकायतें पहुंच रहीं हैं। बुधवार को तो इन शिकायतों की संख्या 600 के करीब पहुंच गई थी, जिनमें से करीब 40 शिकायतों का दूसरे दिन यानी गुरुवार शाम तक निराकरण नहीं हो सका। बुधवार सुबह से गुरुवार सुबह तक सबसे ज्यादा समस्या वैशाली नगर, मनोरमा कॉलोनी, तिली के साथ मकरोनिया क्षेत्र में हुई, जहां तीन से चार घंटे तक सप्लाई बंद रही।

- रात 12 के बाद बढ़ती है समस्या

शहर व मकरोनिया क्षेत्र में कर्मचारी तीन शिफ्ट में काम करते हैं, इसमें सुबह 8 से शाम 4 बजे तक, शाम 4 से रात 12 बजे और रात 12 बजे से सुबह 8 बजे तक का समय तय है। अधिकारियों के अनुसार सुबह व शाम वाली शिफ्ट में तीन-तीन कर्मचारियों की 6-6 टीमें फील्ड पर मौजूद रहती हैं, लेकिन रात 12 से सुबह 8 बजे के बीच केवल 2 टीम ही फील्ड पर रहती हैं, जबकि गर्मी व बारिश के मौसम में रात 12 बजे के बाद ही स्थितियां बिगड़ती हैं।

- किस फीडर में कितना लोड बढ़ा

फीडर, 8 जून, 12 जून

दीनदयाल नगर, 100, 120

विश्वविद्यालय, 215, 235

करीला, 345, 385

पावर हाउस, 210, 255

सिविल लाइन, 85, 110

धर्मश्री, 70, 80

- नोट : आंकड़े बिजली कंपनी के अनुसार।

- फैक्ट फाइल

98 हजार उपभोक्ता

10 सब स्टेशन शहर में

06 फीडर 33केवी के

43 फीडर 11केवी के

980 ट्रांसफार्मर शहर में

- 20 प्रतिशत बढ़ गया लोड

तापमान बढऩे के बाद शहर व मकरोनिया के हर फीडर में लगभग 20 प्रतिशत लोड बढ़ गया है, जिसके कारण ट्रांसफार्मर फेल हो रहे हैं तो सप्लाई केबल में फॉल्ट हो रहे हैं। यहां तक की सब स्टेशनों के पावर ट्रांसफार्मर भी ट्रिप मार रहे हैं। तापमान घटने के बाद शहर की बिजली सप्लाई में समस्या नहीं आएगी।

अशोक सोलंकी, मेंटेनेंस प्रभारी, शहर