
घर में बिखरा पड़ा सामान
मकरोनिया थाना क्षेत्र की विद्यापुरम कॉलोनी का मामला
सागर. शहर व मकरोनिया क्षेत्र में सूना मकान छोड़ना मतलब खुद चोरों काे न्यौता देने जैसा हो रहा है। अभी भी चोर इतने सक्रिय हैं कि उन्हें परिवार के बाहर जाते ही खबर मिल जाती है। चोरी का ताजा मामला मकरोनिया थाना क्षेत्र की विद्यापुरम कॉलोनी में सामने आया है, जहां पर बदमाश सूने घर का ताला तोड़ सोने-चांदी के जेवरात व नकदी ले उड़े। चोरी की वारदात 26 से 28 जुलाई के बीच की है। इन दिनों में परिवार ग्वालियर गया था और घर पर ताला डला था। सोमवार की सुबह जब वे लौटकर घर पहुंचे तो ताला टूटा मिला और अंदर अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात व नकदी गायब थे। चोरी की सूचना मकरोनिया थाना पुलिस को दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने साक्ष्य एकत्रित करते हुए अज्ञात के खिलाफ मामला पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है। पुलिस कॉलोनी में लगे सीसीटीवी फुटेज की मदद से चोरी करने वाले बदमाशों का पता लगाने में जुटी है।
हाल का ताला गायब था
पुलिस के अनुसार विद्यापुरम कॉलोनी निवासी 33 वर्षीय सारिका धाकड़ पत्नी धर्मेंद्र यादव ने थाने में की शिकायत में बताया कि 26 जुलाई की रात 10.30 बजे अपने परिवार के साथ ग्वालियर गई थी। रविवार-सोमवार की रात करीब 3.30 बजे वापस घर पहुंची तो मैन गेट का ताला लगा था। ताला खोलकर अंदर पहुंचे तो हाल के दरवाजे पर लगा ताला गायब था। मैं घर के अंदर पहुंची तो कमरे में सामान बिखरा पड़ा था। कमरे में रखी अलमारी का लॉक टूटा था। सबसे पहले मैंने डायल-100 को फोन लगाया और पुलिस के आने के बाद अलमारी में रखा सामान देखा तो जेवरात व नकदी गायब थे।
यह सामान चोरी
सरिता ने पुलिस से की शिकायत में बताया कि चोर घर में रखे 4 नग सोने के कान के टॉप्स, 2 सोने के पेंडल, 2 सोने के हार, 1 सोने की अंगूठी, बच्चे की सोने की बाली, करीब आधा किग्रा चांदी जिसमें पायल 3 नग, बच्ची के तीन नग चांदी के कंगन, चांदी के 4 सिक्के, 40 हजार रुपए नकद और मोबाइल व चार्जर लेकर भागे हैं। शिकायत पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है।
Published on:
30 Jul 2024 04:52 pm
