
सागर. दो अलग-अलग सड़क हादसों में तीन की मौत हो गई, वहीं दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। पहला हादसा सुबह 4 से 5 बजे के बीच सागर-दमोह स्टेट हाइवे पर हुआ, जहां दो ट्रकों की आमने-सामने भिडंत के बाद एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया, जिसमें सवार चालक व उसका साथी गंभीर रूप से घायल हुआ है। वहीं दूसरा हादसा सागर-खुरई नेशनल लाइवे पर सुबह करीब 6.30 बजे हुआ, जिसमें एक अज्ञात वाहन बाइक सवारों को कचुलते हुए भाग गया। इस हादसे में 2 बाइकों पर सवार 3 लोगों की मौत हुई है। मरने वालों में दो सगे भाई शामिल हैं।
मोतीनगर थाना पुलिस के अनुसार कृषि उपज मंडी के आगे हफसिली गांव के पास एक अज्ञात वाहन ने दो बाइक सवारों को टक्कर मारी। एक युवक के ऊपर से वाहन का पहिया गुजरा, जिससे उसका शरीर क्षतविक्षत हो गया, युवक के शव के टुकड़े सड़क पर बिखर गए। मृतकों की पहचान गढ़ाकोटा थाना क्षेत्र के सूरजपुरा गांव निवासी 22 वर्षीय राजेंद्र पुत्र रोहित पटेल, उसका छोटा भाई 17 वर्षीय सेवकराम पटेल व मकरोनिया स्थित गौरधाम कॉलोनी निवासी 44 वर्षीय अजय पुत्र परमानंद लारिया के रूप में हुई है। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम करते हुए जांच में लिया है। वहीं टक्कर मारने वाले वाहन का पता लगाने हाइवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
पुलिस की शुरूआती पड़ताल में पता चला है कि मरने वाले दोनों भाई राजेंद्र पटेल व सेवकराम पटेल काम के सिलसिले में बाइक से इंदौर जाने के लिए निकले थे। वहीं अजय लारिया अपनी बाइक से ड्यूट पर जाने के लिए निकले थे। वह नरयावली डिपो में नौकरी करते थे। हादसे में राजेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई थी, तो वहीं सेवकराम पटेल व अजय लारिया ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
मंगलवार की सुबह 4 से 5 बजे के बीच सागर-दमोह स्टेट हाइवे पर दो ट्रकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि एक ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। ट्रक पलटने से उसमें सवार चालक व क्लीनर केबिन में फंस गए, जिन्हें बड़ी मुश्किल से बाहर निकाला जा सका। वहीं दूसरे ट्रक में सवार चालक व क्लीनर घटना के बाद से गायब हैं। गढ़ाकोटा थाना प्रभारी रजनीकांत दुबे ने बताया कि आबचंद के पास हुए हादसे में पलटने वाला ट्रक देवास से खाद लेकर उत्तरप्रदेश के जोनपुर जा रहा था, जिसे दमोह की ओर से सरिया लेकर आ रहे ट्रक ने सामने से टक्कर मार दी। दुर्घटना में ट्रक चालक रीवा निवासी 26 वर्षीय प्रदीप यादव व सीधी निवासी 19 वर्षीय क्लीनर रोहित यादव गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए गढ़ाकोटा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया था, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें सागर रेफर कर दिया गया। फिलहाल दोनों का इलाज मकरोनिया क्षेत्र के एक प्राइवेट अस्पताल में चल रहा है।
खुरई रोड पर सुबह हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर मौत हो गई थी, वहीं दो घायलों ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। बाइक सवारों को टक्कर मारकर भागने वाले वाहन का पता लगाने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देख रहे हैं। टीम आसपास के ग्रामीणों से भी पूछताछ कर रही है।
जसवंत सिंह राजपूत, थाना प्रभारी, मोतीनगर
Updated on:
13 Jun 2025 11:12 am
Published on:
13 Jun 2025 11:12 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
