सहारनपुर। निकाय चुनाव में मतदान करने जा रहे हैं तो मोबाइल साथ लेकर मत जाइए। अगर आप मोबाइल साथ लेकर जाते हैं तो आपको मतदान स्थल के गेट से वापस होना पड़ सकता है। दरअसल, सुरक्षा और गोपनीयता के लिहाज से मतदाताओं को मोबाइल फोन के साथ मतदान स्थल पर एंट्री नहीं मिल रही है। ऐसे में मतदाताओं को मतदान स्थल के बाहर से ही वापस होना पड़ रहा है इसलिए जरूरी है कि जब आप मतदान करने जाएं तो अपना मोबाइल फोन घर पर रखा जाएगा या अपने साथ किसी दूसरे व्यक्ति को लेकर जाएं जो आपका मोबाइल मतदान स्थल के बाहर लेकर खड़ा रहे। इसको लेकर भाजपा प्रत्याशी व पूर्व विधायक की सुरक्षाकर्मियों से नोकझोंक तक हुई। इसके अलावा सहारनपुर की लेबर कॉलोनी में ईवीएम में तकनीकी खराबी के कारण एक घंटा मतदान भी लेट शुरू हुआ। वहीं सहारनपुर में सुबह नौ बजे तक 13, बेहट में 14 और देवबंद में 11 फीसदी मतदान हुआ है।