11 अप्रैल 2026,

शनिवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

रोंगटे खड़े कर देगी कल्कि संभल: 1978 के दंगों से 2024 की दास्तां, 14 अप्रैल से शुरू होगा फिल्मी संग्राम

Sambhal News: चंदौसी में 14 अप्रैल से शुरू हो रही फिल्म ‘कल्कि संभल’ की शूटिंग 1978 के दंगों और 2024 की घटनाओं पर आधारित है। महेश मांजरेकर, विजय राज और अन्नू कपूर जैसे कलाकारों से सजी यह फिल्म दो पीढ़ियों की सियासत, हिंसा और सामाजिक टकराव की कहानी को बड़े पर्दे पर दिखाएगी।

2 min read
Google source verification

सम्भल

image

Mohd Danish

Apr 11, 2026

kalki sambhal film shoot chandausi 2026

रोंगटे खड़े कर देगी कल्कि संभल..

Kalki Sambhal Film 2026: यूपी के संभल जिले के चंदौसी में ‘जानी फायरफॉक्स स्टूडियो’ के बैनर तले बनने जा रही फिल्म ‘कल्कि संभल’ की शूटिंग 14 अप्रैल से शुरू होने जा रही है। इस फिल्म की शुरुआती शूटिंग एसएम कॉलेज परिसर में होगी, जिसके लिए फिल्म यूनिट ने पूरी तैयारी कर ली है। शूटिंग से पहले निर्देशक भरत एस. श्रीनाते अपनी टीम के साथ कॉलेज पहुंचे और वहां की विभिन्न लोकेशंस का गहन निरीक्षण किया।

कॉलेज प्रशासन से ली गई अनुमति

निर्देशक ने कॉलेज के प्राचार्य डॉ. दानवीर सिंह यादव से मुलाकात कर शूटिंग की लिखित अनुमति मांगी। इसके अलावा टीम ने सीता रोड स्थित विशाल गणेश प्रतिमा, रामबाग धाम में भगवान राम की प्रतिमा और लक्ष्मणगंज क्षेत्र की ऐतिहासिक बावड़ी का भी निरीक्षण किया। इन सभी स्थानों को फिल्म की कहानी में शामिल करने की योजना बनाई जा रही है, जिससे स्थानीय पहचान को बड़े पर्दे पर जगह मिल सके।

होटल और धर्मशालाओं की जानकारी जुटाने में जुटी टीम

फिल्म यूनिट ने चंदौसी में ठहरने के लिए होटलों और धर्मशालाओं की जानकारी भी जुटाई। स्थानीय लोगों से संपर्क कर कलाकारों और तकनीकी टीम के लिए उपयुक्त व्यवस्था सुनिश्चित करने की कोशिश की जा रही है। इससे साफ है कि फिल्म की शूटिंग को लेकर प्रशासन और स्थानीय स्तर पर व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।

1978 के दंगों और 2024 की घटनाओं पर आधारित कहानी

‘कल्कि संभल’ फिल्म की कहानी 1978 में हुए संभल दंगों और 24 नवंबर 2024 की घटनाओं पर आधारित है। फिल्म में उस दौर की हिंसा, सामाजिक तनाव और आम लोगों की पीड़ा को विस्तार से दिखाया जाएगा। इसके साथ ही नई पीढ़ी में उसी तरह की परिस्थितियों के दोहराव को भी कहानी में जोड़ा गया है, जो इसे और अधिक संवेदनशील और प्रासंगिक बनाता है।

अब्बाजान और भाईजान के रूप में दिखेगी सियासी विरासत

फिल्म में बॉलीवुड अभिनेता महेश मांजरेकर ‘अब्बाजान’ के किरदार में नजर आएंगे, जिन पर 1978 में राजनीतिक लाभ के लिए दंगे भड़काने का आरोप है। वहीं अभिनेता विजय राज उनके पोते ‘भाईजान’ की भूमिका निभाएंगे, जिन पर 2024 में संभल में हिंसा फैलाने का आरोप दिखाया गया है। इन दोनों किरदारों के माध्यम से फिल्म में सियासत और हिंसा की विरासत को दर्शाया जाएगा।

अन्नू कपूर और रजनीश दुग्गल भी फिल्म में अहम भूमिका में

फिल्म के दूसरे पोस्टर में ‘नवाब साहब’ का किरदार दिखाया गया है, जिसे अन्नू कपूर निभा रहे हैं। वहीं तीसरे पोस्टर में 1978 में मारे गए व्यापारी स्वर्गीय बनवारी लाल गोयल के किरदार को दिखाया गया है, जिसे रजनीश दुग्गल निभा रहे हैं। इसके अलावा एसपी बिश्नोई के किरदार को लेकर भी सस्पेंस बरकरार है, जिसका खुलासा आने वाले पोस्टर्स में किया जाएगा।

पोस्टर्स ने बढ़ाई दर्शकों की उत्सुकता

फिल्म के जारी पोस्टर्स में दिखाए गए किरदारों और उनकी पृष्ठभूमि ने दर्शकों के बीच उत्सुकता बढ़ा दी है। खासतौर पर ‘अब्बाजान’ और ‘भाईजान’ के रूप में दो पीढ़ियों के टकराव को जिस तरह पेश किया गया है, उसने फिल्म को लेकर चर्चा को और तेज कर दिया है। अब दर्शकों को फिल्म की शूटिंग और आगे आने वाले अपडेट्स का बेसब्री से इंतजार है।