1 फ़रवरी 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

बकरी चोर गिरोह की चार महिलाएं गिरफ्तार, बाइक छोड़कर भाग निकला सरगना

जसो थाना पुलिस ने बरामद की 68 भेड़ के साथ 13 बकरियां, ग्रामीण इलाकों में वारदात करता था गिरोह, बकरी-भेड़ चोरी की कई वारदातों का खुलासा  

3 min read
Google source verification
bakaree chor giroh Satna

bakaree chor giroh Satna

सतना. देहात इलाकों से बकरी, भेड़ और अन्य मवेशियों की चोरी करने वाले एक बड़े गिरोह को पुलिस ने पकड़ा है। जसो पुलिस ने इस गिरोह की चार महिलाओं को गिरफ्तार करते हुए ६८ भेड़, १३ बकरियां बरामद कर ली हैं। गिरोह का सरगना बाइक छोड़ मौके से भाग निकला। पकड़ में आई महिलाओं से पूछताछ के बाद गिरोह के साथ काम करने वाले कई लोगों के नाम सामने आए हैं। इन सभी संदेहियों की तलाश की जा रही है।


एेसे पकड़ में आई गैंग
जगलाल पुत्र जलेबी यादव (४०) निवासी कोटरहिया थाना जसो ने 1 नवंबर २०19 की रात 4 भैंस चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसमें आइपीसी की धारा 379 का मामला कायम कर आरोपी राकेश चौधरी पुत्र पन्ना लाल चौधरी निवासी खूंथी सतना को पूर्व में गिरफ्तार किया गया था। उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त वाहन एमपी 19 जीए 4495 व भाड़ा की रकम 9000 रुपए जब्त किए गए थे। आरोपी राकेश से पूछताछ व इसके मोबाइल की जांच के आधार पर एसपी रियाज इकबाल ने साइबर सेल को पड़ताल में लगाया। इके बाद सूचना मिली कि आरोपी बड़का उर्फ नत्थू साईं पुत्र छोटे साईं निवासी ठाड़ी पाथर थाना कोठी सरगना है। तलाश करने पर वह नहीं मिला। इस बीच खबर आई कि पेप्टेक सिटी के पीछे आरोपी बड़का उर्फ नत्थू साईं डेरा डाले है और वहीं चोरी की गई भेड़, बकरियां रखे है।


चार महिलाओं के दिए सुराग
जसो थाना की पुलिस ने जब पेप्टेक सिटी के पास दबिश दी तो यहां मौके से असल जान उर्फ भूली पत्नी दादू साईं (४५), रवीना साईं पत्नी अब्दुल साईं (४०), फुलवा जान उर्फ बेटी बाई पत्नी बाबू साईं (७०), सलमान जान पत्नी चाचू पठान (४५) निवासी खैरहनी दरवाजा छतरपुर थाना कोतवाली छतरपुर हाल ठाड़ी पाथर थाना कोठी को पकड़ा गया। इन चारों ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि सभी बड़का उर्फ नत्थू साईं के साथ मिलकर उमरी एवं शिवरामपुर की भेड़ बकरी चोरी किए थे। शिवरामपुर की 58 भेड़, 9 बकरी तथा उमरी की 10 भेड़ व 4 बकरी बाड़ा में छिपाकर रखे हैं। जिन्हें पुलिस ने जब्त किया है।


इन मामलों में बरामदगी
फरियादी आनंदपाल पुत्र बेटा लाल पाल (१९) निवासी शिवरामपुर के घर से 5 फरवरी २०19 को 58 नग गाडर व 9 बकरी चोरी हुई थीं। जिसके बाद थाना जसो के अपराध क्रमांक 24/19 में आईपीसी धारा 379, 401, 413, 414 के तहत मामला कायम किया गया था। इसी तरह फरियादी शीलू पाल पुत्र नर्मदा पाल (३०) निवासी उमरी के घर से 4 अप्रैल २०19 को 10 भेड़ व 4 बकरी चोरी गई थीं। इस मामले में अपराध क्रमांक 66/19 में आईपीसी की धारा 379, 401, 413, 414 के तहत मामला दर्ज किया था। इन दोनों प्रकरणों चोरी गए मवेशियों की बरामदगी कर ली गई है।


लूट कर चुका है गिरोह
पुलिस का कहना है कि भैंस खरीदने के बहाने गिरोह के सदस्य गांव-गांव घूम कर रैकी करते थे और फिर मौका पाकर सेंधमारी कर मवेशी चोरी कर ले जाते थे। पकड़ी गई महिलाओं के कब्जे से ४ मोबाइल फोन और मौके से एक एमपी १९ एमएफ ४५३५ नंबर की मोटर साइकिल जब्त की गई है। गैंग वर्ष 2014 में बारौंधा थाना अंतर्गत बकरी मालिक को बंधक बनाकर लूट कर चुका है। इसके अलावा थाना कोठी, पन्ना जिले के देवेंद्र नगर थाना क्षेत्र में भी गिरोह के खिलाफ अपराध दर्ज हैं।


एसपी देंगे १० हजार का इनाम
बकरी चोर गिरोह को पकडऩे के बाद एसपी रियाज इकबाल ने जसो थाना पुलिस की टीम को १० हजार रुपए का इनाम देने की बात कही है। बताया गया कि गिरोह तक पहुंचने में थाना प्रभारी जसो केपी त्रिपाठी, साइबर सेल प्रभारी एसआई अजीत सिंह, प्रधान आरक्षक मुकेश कुमार, दीपेश पटेल, आरक्षक विपेन्द्र मिश्रा, जगन्नाथ सिंह, श्रवण शर्मा, पुष्पेंद्र नाथ, संजय यादव, विष्णु देव गौतम, प्रशांत यादव, मनीष सिंह, अखिलेश्वर सिंह, नवीन चतुर्वेदी, महिला आरक्षक कीर्ति शुक्ला, आरक्षक चालक राहुल दुबे की अहम भूमिका रही।

Story Loader