
Hardik Patel
सतना. पाटीदार नेता और गुजरात विधायक हार्दिक पटेल आठ जून को सतना में सभा को संबोधित करेंगे या नहीं इस पर पेंच फंस गया है। हालांकि 6 जून की शाम को जिला प्रशासन ने कार्यक्रम के आयोजक व अखिल भारतीय ज्योतिबा फुले समता परिषद के प्रदेश संयोजक सिद्धार्थ कुशवाहा के नाम चौदह बिंदुओं के साथ स्वीकृति पत्र जारी कर दिया। पर इस पत्र में हार्दिक पटेल के संबोधन का जिक्र नहीं है। वहीं एसडीएम बलवीर रमन ने पत्रिका को बताया कि अनुमति आयोजन को इस शर्त पर दी है कि वहां हार्दिक पटेल नहीं आएंगे। बाकायदा आयोजकों ने लिखकर दिया है कि सभा को किसान क्रांति सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष हार्दिक पटेल संबोधित नहीं करेंगे। गौरतलब है कि आयोजन संबंधी अनुमति के लिए मामला पहले ही जबलपुर हाइकोर्ट में है। इससे पहले जबलपुर पहुंचे हार्दिक ने ट्वीट कर मप्र सरकार की ओर से उनकी सभी सभा रद्द करने की जानकारी दी थी। उनका कहना था कि मध्यप्रदेश की संस्कारधानी जबलपुर पहुँचा, बड़ी संख्या में किसान और युवा बंधुओ ने मेरा स्वागत किया, शिवराज मामा ने मेरे सभी किसान कार्यक्रम की अनुमति निरस्त कर दी हैं। मैं मध्यप्रदेश में पाँच दिन रहूँगा और जबलपुर, सतना, इन्दौर, भोपाल, मंदसौर के किसान और युवाओं से मिलूंगा। इससे पहले मंगलवार को एक प्रतिनिधिमंडल नेे कलेक्टर से मुलाकात कर कार्यक्रम के लिए अनुमति मांगी थी। तब कलेक्टर ने पुलिस रिपोर्ट के आधार पर ही अनुमति देने की बात कही। वहीं १० जून तक किसान आंदोलन को देखते हुए पुलिस ने अनुमति देने से इंकार कर दिया है।
दरअसल, सतना के बीटीआई ग्राउंड में बेरोजगार, मजदूर, किसान सम्मेलन का आयोजन 8 जून को तय किया गया है। आयोजन अखिल भारतीय ज्योतिबा फुले समता परिषद के तत्वाधान में हो रहा है। मुख्य वक्ता के रूप में हार्दिक पटेल को आमंत्रित किया गया है। कार्यक्रम को लेकर प्रशासन से एक सप्ताह पूर्व ही अनुमति मांगी गई थी।
गुजरात जैसा हो गया एमपी का प्रशासन
इससे पहले गुजरात पाटीदार आंदोलन सूत्रधार हार्दिक पटेल बुधवार दोपहर जबलपुर पहुंचे। वे 7 जून को यहां पनागर विधानसभा क्षेत्र में किसानों की सभा को संबोधित करेंगे। इस सभा का आयोजन किसान संगठन व कांग्रेस द्वारा किया जा रहा है। वहीं अन्य किसान संगठनों व ओबीसी संगठनों द्वारा उनका विरोध भी हो रहा है। इसके अलावा सुरक्षा कारणों के चलते जिला प्रशासन ने हार्दिक की सभा को अनुमति प्रदान नहीं की है। सभा स्थल से सामान भी जब्त कर लिया गया है। उन्होंने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को डरावना कहा। बोले ये कैसे मामा हैं जिनसे भांजे डरते हैं। जिला प्रशासन भी गुजरात सरकार की राह पर चल रहा है। जो सभा की अनुमति कुछ घंटे पहले देगा।
Published on:
6 Jun 2018, 9:05 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.