सीधी। बीती रात सोन नदी के प्रतिबंधित क्षेत्र से रेत के अवैध उत्खनन की सूचना पर दविश देने पहुंची अमिलिया पुलिस टीम को ट्रैक्टर जब्त करने में सफलता तो मिल गई, लेकिन आरोपी चालक व रेत लोड करने वाले श्रमिक पुलिस को चकमा देकर भागने में सफल रहे। पुलिस द्वारा आरोपी की पहचान कर ली गई है, जिसके विरूद्ध विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर तलाश की जा रही है। बताया गया कि आरोपी चालक धर्मेंद्र सिंह रेत चोरी का आदतन अपराधी है। उसके विरूद्ध अमिलिया थाने में पूर्व में भी अवैध रेत उत्खनन एवं परिवहन के तीन प्रकरण पंजीबंद्ध किये जा चुके हैं।
बताया गया कि बीती रात अमिलिया पुलिस को मुखविर से सूचना मिली कि धर्मेंद्र सिंह निवासी खड़बड़ा अपने ट्रैक्टर ट्राली से तितली के सोन नदी प्रतिबंधित घाट से रेत चोरी कर रहा है। सूचना पर एक टीम को तितली सोन नदी घाट रवाना किया गया जो तितली सोन नदी घाट पहुंचकर घेराबंदी की तो कुछ लोग ट्रैक्टर ट्राली में रेत लोड कर रहे थे, जो पुलिस को देखकर ट्रैक्टर लेकर भागने का प्रयास किये। पुलिस ने ट्रैक्टर के सामने अपनी गाड़ी को लगाया, तब ट्रैक्टर चालक धर्मेन्द्र सिंह तथा लेबर ट्रैक्टर ट्राली को छोडक़र भाग गये। पुलिस द्वारा रेत लोड ट्रैक्टर ट्राली जब्त कर आरोपी के विरूद्ध आईपीसी, खान एवं खनिज अधिनियम, भारतीय वन्य अधिनियम, वन्य जीव संरक्षण अधिनियम तथा पर्यावरण संरक्षण अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया है। थाना प्रभारी अमिलिया अशोक पांडेय ने बताया कि मामले में फ रार आरोपी धर्मेंद्र सिंह रेत चोरी के मामले मे आदतन आरोपी है, जिसके विरुद्ध जिला बदर की प्रक्रिया प्रचलन में है।
000000000000000000