सीधी। देश भर में सुर्खियों पर रहे सीधी के यूरिनकांड का पीडि़त आदिवासी युवक दशमत रावत गुरूवार की शाम अपने घर पहुंचा। वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासनिक टीम उसे मुख्यमंत्री शिवराज सिंह से मुलाकात कराने भोपाल लेकर चली गई थी। जहां से गुरूवार की शाम उसे वापस लाकर ससम्मान घर पहुंचाया गया। युवक के घर पहुंचने पर पत्नी, बच्चों सहित अन्य परिजनों ने राहत की सांस ली। फूलमाला से उसका स्वागत किया गया। पीडि़त युवक के घर पहुंचने के बाद से ही जनप्रतिनिधियों का उसके घर में लगातार आना-जाना लगा हुआ है। शुक्रवार को कलेक्टर साकेत मालवीय सहित अन्य प्रशासनिक अमला पीडि़त को राहत राशि का चेक देने उसके घर पहुंचे।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के निर्देशानुसार शासन द्वारा स्वीकृत सहायता राशि कलेक्टर साकेत मालवीय द्वारा पीडि़त दशमत रावत को उपलब्ध कराई गई। कलेक्टर ने 5 लाख रुपये की सहायता राशि तथा आवास निर्माण के लिए एक लाख 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता राशि चेक के माध्यम से उपलब्ध कराई। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक डॉ.रविंद्र वर्मा एवं सीईओ जिला पंचायत राहुल धोटे उपस्थित रहे।
————–
राज्य कोल जनजाति विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष ने पीडि़त से की भेंट-
राज्य कोल जनजाति विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष रामलाल रौतेल ने ग्राम कुबरी जाकर अमानवीय कृत्य से पीडि़त दशमत रावत एवं उनके परिवार जनों से भेंट की। रौतेल ने कहा कि आपके साथ जो घटना हुई है, उसकी जितनी भी निंदा की जाय वह कम होगी। दोषित के विरूद्ध कड़ी कार्रवाई की गयी है। उन्होंने कहा कि सरकार अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति के कल्याण और विकास के लिए पूरी संवेदनशीलता से प्रयास कर रही है। गरीब और वंचित वर्ग के कल्याण के लिए लगातार प्रयास किये जा रहे हैं। यदि कोई भी व्यक्ति गरीबों को सताने का प्रयास करेगा तो उसे कठोर दंड भुगतना पड़ेगा। इस अवसर पर विधायक व्यौहारी शरद कोल, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष कान्तिदेव सिंह तथा भाजपा जिलाध्यक्ष देवकुमार सिंह चौहान उपस्थित रहे। बता दें कि यूरिनकांड की जांच के लिए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा द्वारा उक्त घटना की जांच के लिए राज्य कोल जनजाति विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष रामलाल रौतेल के संयोजकत्व में चार सदस्यीय समिति गठित की गई थी, जिसमें शरद कोल विधायक, अमर सिंह विधायक तथा प्रदेश उपाध्यक्ष भाजपा कांतिदेव सिंह शामिल हैं। समिति को संपूर्ण तथ्यों की जांच कर प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिये गए थे। इसी तारतम्य में टीम के सदस्य सीधी पहुंचे थे।
—————
आदिवासी कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष भी पहुंचे, कमलनाथ से कराई बात-
यूरिनकांड के पीडि़त युवक दशमत रावत मुलाकात करने प्रदेश अध्यक्ष आदिवासी कांग्रेस रामू टेकाम कुबरी पहुंचे। उन्होंने दशमत रावत की प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ से मोबाइल पर बात कराई एवं सांत्वना दी और हर प्रकार के सहयोग का आश्वासन दिया। प्रदेश अध्यक्ष रामू टेकाम के साथ जिलाध्यक्ष आदिवासी कांग्रेस तिलकराज सिंह, एड.अशोक पनिका जिला महामंत्री देवराज सिंह सहित अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
—————-
पीडि़त ने बताया वर्ष 2020 का है वीडियो-
भोपाल से मुख्यमंत्री से मुलाकात कर लौटे यूरिन कांड के पीडि़त युवक दशमत रावत पहली बार मीडिया से रूबरू हुआ। उसने बताया कि घटना वर्ष 2020 की है। शपथ पत्र के संबंध में उसने बताया कि 3 जुलाई को गांव के ही कुछ लोग सीधी लेकर गए थे, जहां मुझसे कागज में हस्ताक्षर करवाया था, मुझे नहीं मालुम था कि किस कागज में हस्ताक्षर करवा रहे हैं, बाद में पता चला कि शपथ पत्र में हस्ताक्षर करवाया गया है कि वह वीडियो झूठा है।
0000000000000000000000000