सवाईमाधोपुर. इसे शिक्षा विभाग की अनदेखी कहे या जनप्रतिनिधियों की उदासीनता कि निकटवर्ती करमोदा गांव में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय को लंबे समय से शिलान्यास का इंतजार है। शिलान्यास नहीं होने से नवनिर्मित विद्यालय बंद पड़ा है। ऐसे में यहां पुस्तकालय, भवन व खेल मैदान का भी कोई उपयोग नहीं हो रहा है।
राजकीय उमावि करमोदा के खेल मैदान की भूमि पर पीएबी 2018-19 में समग्र शिक्षा योजनान्तर्गत निर्मित कक्षों का उद््घाटन हुए दो साल से अधिक का समय बीत चुका है लेकिन अब तक इसका शिलान्यास नहीं किया।
23 जुलाई 2021 को भवन बनकर तैयार हुआ था भवन
राजकीय उमावि करमोदा में मस्जिद के पास 23 जुलाई 2021 को भवन बनकर तैयार हो गया था। ऐसे में दो साल चार महीने बाद भी भवन का शिलान्यास नहीं किया गया है, जबकि 23 जुलाई 2021 को सांसद सुखबीरसिंह जौनापुरिया ने व कांग्रेस के पूर्व विधायक दानिश अबरार व करमोदा ग्राम पंचायत सरपंच अरबीना बानो की उपस्थिति में इसका उद्््घाटन समारोह मनाया गया था।
पुराने भवन में संकरे कक्षों में चल रही कक्षाएं
करमोदा में मस्जिद के पास विद्यालय भवन बनकर तैयार हो गया है। जबकि गांव में वर्तमान में पुराने भवन में ही विद्यालय संचालित हो रहा है। ऐसे में संकरे व पर्याप्त कमरों में बच्चो की पढ़ाई हो रही है। विद्यालय के प्रधानाचार्य व शिक्षकों का भी कहना है कि पुराने भवन में चल रही कक्षाओं में कक्षा-कक्षों की कमी है। इससे बच्चों को बिठाने में भी परेशानी हो रही है।
नवनिर्मित भवन पर लटक रहा ताला
यहां नवनिर्मित विद्यालय भवन पर करीब सवा दो साल से ताला लटका है। यहां 11वीं व 12वीं कक्षाओं के विद्यार्थियों को शिफ्ट किया जाना है। करमोदा गांव स्थित पुरानी स्कूल भवन में पर्याप्त कक्षा-कक्ष नहीं होने है। इससे बालकों को बैठने में परेशानी झेलनी पड़ रही है। इसी मंशा से सरकार की ओर से बच्चों को सुविधा प्रदान करने के लिए यहां मदरसा के पास नया स्कूल भवन बनवाया गया है, जो अभी तक चालू नहीं किया गया है। इससे विद्यालय शिक्षकों के साथ बच्चों को भी परेशानी हो रही है।
खेल मैदान बना है तलैया
करमोदा में मदरसा के पास विद्यालय नवनिर्मित भवन भले ही बनकर तैयार हो गया लेकिन फिलहाल उसका कोई उपयोग नहीं हो रहा है। यहां खेल मैदान की भूमि पर भवन तो बना दिया लेकिन वर्तमान में बरसात का पानी जमा होने से तलैया बना है। पूरे मैदान में कई दिनों से पानी भरा है।
इनका कहना है…
करमोदा गांव स्थित पुरानी स्कूल भवन में पर्याप्त कक्षा-कक्ष नहीं होने से बालकों की सुविधा के लिए मदरसा के पास नया स्कूल भवन बनवाया गया है। इस भवन में कक्षा 11वीं व 12वीं के बच्चों को पढ़ाया जाएगा। फिलहाल अभी यह चालू नहीं है। जबकि इसका निर्माण दो साल पहले हो चुका है।
अरबीना बानो,सरपंच, करमोदा
इनका कहना है…
मदरसा के पास जो स्कूल का नया भवन बनाया गया है, उसमें प्रयोगशाला, पुस्तकालय और आर्ट एंड क्रॉफ्ट संचालित किया जाएगा। अभी इस नए भवन का कोई उपयोग नहीं हो पा रहा है। यहां कक्षा 6 से 12 वीं तक के लिए कक्षा कक्ष बनना जरूरी है, तभी नए भवन के उपयोग हो सकेगा। इसके लिए सरकार को प्रस्ताव भेज रखा है।
घनश्याम गुप्ता, प्रधानाचार्य, करमोदा