न्यूयार्क। जीन संवर्धन की एक नई तकनीक से मांसपेशियों में कमजोरी यानी डचेन मांसपेशी दुर्बलता (डीएमडी) का इलाज किया जा सकेगा। डीएमडी नाम की यह बीमारी लड़कों में ज्यादा पाई जाती है जिसके कारण उनकी मांसपेशियों का विकास हो नहीं पाता और वे कमजोरी का शिकार हो जाते हैं। हालांकि डीएमडी नाम की इस बीमारी के पीछे की जेनेटिक खराबी का पता वैज्ञानिकों को पिछले 30 सालों से था, लेकिन अब तक इसे दूर करने का उपाय नहीं मिल पाया था। इस बीमारी में मांसपेशियों के फाइबर टूट कर वसा के ऊतकों में बदल जाते हैं जिसके कारण मांसपेशियां धीरे-धीरे काफी कमजोर पड़ जाती हैं। इस अवस्था के कारण अक्सर हृदय रोग और कार्डियो संबंधी बीमारियों हो जाती है जिससे कई मरीजों की जान चली जाती है।