1 जून 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

दुनिया के सबसे गहरे स्वीमिंग पूल के नीचे मौजूद है पूरा शहर

दुबई में दुनिया की सबसे ऊंची इमारत, दुनिया के सबसे बड़े मॉल हैं। अब दुबई में दुनिया का सबसे गहरा स्वीमिंग पूल भी शुरू किया गया है।

3 min read
Google source verification

जयपुर

image

Mohmad Imran

Jul 25, 2021

दुनिया के सबसे गहरे स्वीमिंग पूल के नीचे मौजूद है पूरा शहर

दुनिया के सबसे गहरे स्वीमिंग पूल के नीचे मौजूद है पूरा शहर

'डीप डाइव दुबई' (Deep Dive Dubai) नाम के इस स्वीमिंग पूल में खोजकर्ता 196 फीट (60 मीटर) की गहराई तक उतर सकते हैं, जहां वे एक डूबे हुए काल्पनिक शहर के अवशेषों का आनंद उठा सकते हैं। दुबई शहर से लगभग 15 मिनट की दूरी पर नाद अल शेबा में बना यह एक मीठे पानी का पूल है जिसमें करीब 1.4 करोड़ लीटर (14 मिलियन लीटर) पानी है। जिसे 30 डिग्री सेल्सियस तक गर्म किया जा सकता है। इससे पहले पोलैंड में बने डीपस्पॉट नामक पूल की 45 मीटर (147 फीट) गहराई दुनिया में सबसे ज्यादा थी। वहीं यह अभी ब्रिटेन में बन रहे ब्लू एबिस नाम के पूल से भी गहरा जिसकी गहराई 50 मीटर (164 फीट) है।

6 ओलंपिक पूल जितना आकार
पर्यटकों को ध्यान में रखकर बनाए गए इस पूल में ओलंपिक गेम्स के छह स्विमिंग पूल जितना आकार है। बावजूद इसके डीप डाइव दुबई आकार में दुनिया का सबसे बड़ा पूल नहीं है। यूके में बन रहा ब्लू एबिस इस मामले में सबसे आगे है जिसमें 17 ओलंपिक स्विमिंग पूल समा सकते हैं। इस पूल को समुद्र के नीचे रोबोटिक्स और कॉमर्शियल अंतरिक्ष यात्री प्रशिक्षण के परीक्षण के लिए डिज़ाइन किया गया है। डीप डाइव दुबई खास पर्यटकों को लुभाने और कुछ अलग अनुभव कराने के लिए है। इसमें पर्यटक स्कूबा डाइविंग और पेशेवर तैराकों कें लिए फ्री डाइविंग की सुविधा भी है। तैराकी के शुरुआती प्रशिक्षण के लिए भी इसका उपयोग किया जाता है।

56 cctv कैमरों से निगरानी
पूल में उतरने के लिए कुछ बातों की सावधानी बरतना जरूरी है। पूल में उतरने वालों को गहराई में उतरने के साथ-साथ ही एक डूबा हुआ शहर (काल्पनिक) नजर आएगा। पर्यटक इस शहर में घूमने का आनंद ले सकते हैं। इतना ही नहीं वे यहां मौजूद चीजों का उपयोग भी कर सकते हैं। इस काल्पनिक शहर को संयुक्त अरब अमीरात की पर्ल-डाइविंग विरासत से प्रेरित होकर बनाया गया है। शहर में गलियों में खड़ी कारें, भित्तिचित्रों से सजी दीवारें, विशाल पेड़ और पुस्तकालय के अलावा घर में रहने और साइकिल चलाने का लुत्फ भी उठा सकते हैं। यह शहर इतना बड़ा है कि इसे पूरा घूमने के लिए पर्यटकों को कई बार गोता लगाना पड़ेगा। पर्यटकों को रोमांचित करने के लिए शहर में प्रकाश और ध्वनि की भी व्यवस्था है। यानी आप करीब 200 फीट गहरे पानी के नीचे एक जीते-जागते शहर में कुछ समय बिताने का आनंद उठासकते हैं। इतनी गहराई में पर्यटकों की सुरक्षा के लिए 56 सीसीटीवी कैमरे भी लगे हैं।

विल स्मिथ लगा चुके गोता
फिलहाल यहां चुनिंदा खास मेहमानों को ही बुलाया जा रहा है। हाल ही हॉलीवुड एक्टर विल स्मिथ ने भी इस पूल की सैर की है। उम्मीद है कि अगस्त से इस पार्क को आम जनता के लिए भी खोल दिया जाएगा। यह पूल शहर के बीच बसे समुद्र और उसमें डूबे एक और शहर का नजारा देता है।