
गंभीर बीमारी से पीडि़त 10 बच्चों की हुई नि:शुल्क सर्जरी
सिवनी. कलेक्टर गोपालचंद्र दांड के निर्देशन में जिले में चल रहे राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत जिले में आरबीएसके टीमों के द्वारा समस्त आंगनबाड़ी एवं स्कूलों में 0 से 18 वर्ष तक के बच्चों की स्वास्थ्य जांच एवं बच्चों के उपचार एवं आपरेशन करवाए जा रहे हैं।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. केसी मेश्राम एवं ब्लॉक गोपालगंज विकासखंड चिकित्सा अधिकारी डॉ वंदना कमलेश के मार्गदर्शन में आरबीएसके टीम की डॉ. शिवानी निषाद, डॉ. तारेन्द्र डहेरिया फार्मासिस्ट गरिमा गोस्वामी, एएनएम इंदु मालवीय के द्वारा दस्तक अभियान में सक्रिय रूप से सहयोग करते हुए समुदाय में बीमार नवजातों और बच्चों की पहचान की जा रही हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य एवं सुरक्षा संबंधी जानकारी देते हुए उपचार एवं आपरेशन के लिए प्रतीक्षारत बच्चो के नि:शुल्क उपचार एव आपरेशन के लिए पालकों को उचित सलाह एवं समझाइश दे रही हैं।
ग्राम परतापुर निवासी राकेश मालवीय का तीन वर्षीय पुत्र रितिक हार्निया की गंभीर बीमारी से पीडि़त था आर्थिक तंगी के कारण पालक बच्चे का इलाज करवाने मे असमर्थ थे। आरबीएसके टीम ने आगंनबाड़ी मे स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान रितिक को हार्निया रोग से पीडि़त पाया। चिकित्सकों ने पालकों से सम्पर्क किया और बच्चे के नि:शुल्क ऑपरेशन के लिए मेडिकल कॉलेज जबलपुर जाने की सलाह दी माता-पिता ने बच्चे का नि:शुल्क ऑपरेशन जबलपुर में करवाया। जहां आपरेशन के बाद बच्चे पूर्णत: स्वस्थ हैं।
गोपालगंज के आरबीएसके चिकित्सकों ने अपने प्रयासों से रितिक की तरह ही गंभीर बीमारी से पीडि़त एवं आर्थिक रूप से कमजोर 10 से ज्यादा बच्चों के नि:शुल्क ऑपरेशन जबलपुर में करवाए गए हैं। जिनमें कुनाल पिता रायसिगं (4), सूर्या पिता सतीश (5) वंश पिता शिवप्रसाद (1) सरजीत पिता जितेन्द्र (1) युबाशं पिता रोशन (5माह) तन्मय पिता संजय (2), प्रियांशु पिता रूपराम (3) परि पिता गोपाल (6माह) शिवांश पिता श्रीराम (4), अभय पिता राधेश्याम (6माह) शामिल हैं। सभी बच्चे आपरेशन के बाद पूर्णत: स्वस्थ है और सामान्य बच्चों की तरह जीवन यापन कर रहे है।
Updated on:
04 Jul 2018 12:30 pm
Published on:
04 Jul 2018 02:30 pm
