सिवनी. शहर के बारापत्थर से आचार्य पंडित राजेंद्र पांडेय ने बीते रविवार को आनलाइन मंत्रोच्चार कर अमेरिका में भारतीय जोड़े (वर-कन्या) की हाईटेक शादी कराई। पंडित राजेंद्र के अनुसार शादी हिंदू रीति-रिवाज से हुई। यहां से मंत्र पढ़े गए और अमेरिका में सारे कार्यक्रम हुए। अग्नि के फेरे लेने के साथ जोड़े ने विवाह के सारे रस्म निभाएं। शादी संपन्न होने के बाद पंडित को 5100 अमेरिकी डॉलर की दक्षिणा मिली है। इसकी पुष्टि पंडित राजेंद्र ने ‘पत्रिकाÓ से बातचीत में की है।
बताया कि बारापत्थर निवासी सपना सुनील उपाध्याय के पुत्र देवांश बीते चार वर्ष से अमेरिका में रहकर नौकरी करते हैं। अमेरिकी में महाराष्ट्र पुणे की सुप्रिया भी नौकरी करती है। दोनों की शादी तय हुई। परिजन अमेरिका पहुंचे। बताया कि शनिवार (20 मई) को मंडपाच्छादन का कार्यक्रम आनलाइन कराया। इसके बाद रविवार (21 मई) को विवाह कराया।
मंगलवार (23 मई) को सत्यनारायण भगवान की कथा भी आनलाइन हुई।
बताया कि वर व कन्या पक्ष के परिजन, रिश्तेदार सहित कुल 57 लोग शादी में शामिल हुए। सिवनी से आनलाइन सारे कार्यक्रम वर देवांश के फूफा नरेश मिश्रा के बारापत्थर स्थित निवास से लैपटॉप पर हुआ।
67 साल की उम्र में पहली बार कराई विदेश में शादी
बताया कि 67 साल के जीवन में यह पहला मौका हैं, जब विदेश में किसी जोड़े की शादी आनलाइन कराई है। इसके पूर्व कोरोना कॉल में चार जोड़े की शादी सिवनी में आनलाइन कराई थी। बताया कि कनाडा व अमेरिकी में रहने वाले भारत के तीन परिवार के लिए आनलाइन सत्यनारायण भगवान के कथा का वाचन वे पूर्व में आनलाइन करा चुके हैं।