
नपा कार्यालय में सुबह 10.41 बजे तक नहीं दिखे कर्मचारी, बढ़ी परेशानी
अखिलेश ठाकुर सिवनी. नगर पालिका कार्यालय में सबकुछ ठीक नहीं चल रहा है। शहर क्षेत्र में पानी की आपूर्ति व सफाई व्यवस्था बेपटरी है। उधर सुबह 10.41 बजे तक कर्मचारी कार्यालय नहीं पहुंच रहे हैं।
'पत्रिका' टीम ने मंगलवार को सुबह 10.00 से 10.41 बजे तक कार्यालय का नजारा कैमरे में कैद किया। मानस भवन में संचालित राजस्व शाखा सहित अन्य संस्थाओं में कर्मचारी नहीं पहुंचे थे। मुख्य शाखा में 10.30 बजे के बाद चार कर्मचारी पहुंचे।
कार्यालय में सुबह 10.00 बजे से जन्म प्रमाण पत्र लेने व जल टैक्स भरने हितग्राहियों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। सीएमओ सुबह 10.15 बजे कलेक्ट्रेट सभागर पहुंच गए थे। उन्होंने 'पत्रिका' से बातचीत में इसकी पुष्टि की।
तीन माह से हूं परेशान
जन्म प्रमाण पत्र लेने पहुंचे सीबी रमन वार्ड निवासी विजय कुमार नाविक ने बताया कि वे तीन माह से परेशान है। वे बिजनेस करते हैं। लोन के लिए बैंक में आवेदन किया है। सार्टिफिकेट (प्रमाणपत्र), पेन कॉर्ड व आधार कार्ड पर अलग-अलग जन्मतिथि अंकित है। लोन के लिए उसे सही कराया जाना है। इसके लिए वे नपा कार्यालय में कई बार आए लेकिन अभी तक कार्य नहीं हो पाया है। बताया कि मंगलवार को पहुंचे तो सुबह 10.41 बजे तक कार्यालय में ताला लटका नजर आया।
सुबह 10.00 बजे से कर रहा हूं इंतजार
ग्राम अहरवाड़ा निवासी आनंद उइके जन्म प्रमाण पत्र के लिए पहुंचे थे। बताया कि उनकी बिटिया का जन्म 12 दिन पूर्व दल सागर तालाब के पास स्थित एक निजी अस्पताल में हुआ है। अस्पताल से रिपोर्ट नगर पालिका कार्यालय को भेज दी गई है। नगर पालिका कार्यालय से उसका जन्म प्रमाण पत्र मिलना है। बताया कि इसके लिए वे सुबह 10.00 बजे कार्यालय पहुंच गए, लेकिन कर्मचारी के नहीं पहुंचने पर वे उसका इंतजार कर रहे हैं।
जल टैक्स भरने आया नहीं मिला कर्मचारी
अंबेडकर वार्ड निवासी सुरेश प्रजापति जल टैक्स भरने के लिए सुबह 10.34 बजे कार्यालय पहुंचे। काउंटर पर कोई कर्मचारी नहीं था। बताया कि वे बीते दिवस भी आए थे, लेकिन टैक्स नहीं जमा हो पाया। इसबीच रविवार को छुट्टी लग गई। सोमवार को आया तो पता चला कि कर्मचारी की दूसरे जगह ड्यूटी लगी है। मंगलवार को आया हूं, अभी तक कर्मचारी नहीं आया है।
नपा कार्यालय में गंदगी, शहर कैसे होगा साफ
नगर पालिका कार्यालय में गंदगी का अंबार है। मानस भवन में राजस्व विभाग, जल शाखा सहित नपा की अन्य संस्थाएं संचालित है। इसके बावजूद सीढी व छत गंदगी से पटा पड़ा है। जन्म-मृत्यु व विवाह पंजीयन कक्ष के सामने छत पर कचरा पसरा दिखा। उक्त कक्ष तक जाने के लिए सीढ़ी पर जगह-जगह गंदगी फैली नजर आई। इसे साफ करने में नाकाम नगर पालिका अमला शहर की कितनी सफाई करता होगा। इसका अंदाजा सहज ही लगाया जा सकता है।
मैं आ गया हूं कलेक्ट्रेट
मैं कलेक्ट्रेट आ गया हूं। अभी तक कर्मचारी नहीं पहुंचे है। इसकी जानकारी नहीं है। कर्मचारियों को कार्यालय आने में क्यों विलंब हुआ? इस संबंध में उनसे पूछताछ की जाएगी। जहां-जहां गंदगी है, उसकी सफाई कराई जाएगी।
- आरके कुरर्वेती, सीएमओ नगर पालिका सिवनी
Published on:
12 Jul 2023 06:43 pm
बड़ी खबरें
View Allसिवनी
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
