सिवनी. नगर पालिका क्षेत्र के सभी 24 वार्ड में आगामी वित्तीय वर्ष 2023-24 में विकास कराने, जनसुविधाओं को बेहतर बनाते हुए परिषद की आय को बढ़ाने के नौ प्रस्तावों पर मंगलवार को विशेष सम्मिलन हुआ। साथ ही बीत रहे वित्तीय वर्ष में किए गए कार्यों आय-व्यय की जानकारी दी गई। बैठक में नगर पालिका अध्यक्ष शफीक खान, उपाध्यक्ष डॉली डागोर, सभी पार्षद और सीएमओ राजकुमार कुर्वेती सहित नगरीय प्रशासन के विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे। परिषद के साधारण सम्मिलन की बैठक में सभी पार्षदों को हर मुद्दे पर खुलकर बोलने का समय दिया जाता है, लेकिन देखने में आया कि चार-पांच भाजपा और कांग्रेस के पुरूष पार्षद ही बोले, महिला पार्षद पूरे समय मौन ही रहीं। किसी भी प्रस्ताव महिला पार्षदों ने तो कोई सवाल उठाया और न ही कुछ जानने या कार्य कराने की जिज्ञासा ही जाहिर की। अधिकांश महिला पार्षदों के साथ उनके पति, पुत्र या परिवार के अन्य लोग अधिक सक्रिय दिखाई दिए।
सम्मिलन की बैठक के पूर्व माना जा रहा था कि भाजपा समर्थित पार्षद नगर पालिका की होने वाली खरीदी में भ्रष्टाचार की आशंका को लेकर कुछ प्रस्ताव पर विरोध जाहिर कर सकते हैं, लेकिन ऐसी कोई स्थिति निर्मित नहीं हुई। चर्चा के बाद सभी प्रस्ताव पारित कर दिए गए। गौरतलब है कि एक दिन पूर्व ही भाजपा समर्थित पार्षदों ने नगर पालिका में होने वाली खरीदी में भ्रष्टाचार करने के लिए विशेष सम्मिलन बुलाए जाने के आरोप लगाए थे।