
टीबी वार्ड, पोस्टमार्टम रूम की दीवार से परेशानी
सिवनी. जिला चिकित्सालय परिसर में इन दिनों आवारा श्वानों की लगातार संख्या बढ़ रही है। जिसके चलते मरीजों और स्वास्थ्य कर्मी को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि श्वानों को पकडऩे की कार्रवाई तो की जाती है लेकिन दूसरे ही दिन अस्पताल परिसर में श्वानों की फौज पुन: नजर आने लगती है।
नागरिकों ने बताया कि टीवी विभाग के समीप काम्प्लेक्स की दीवार एक स्थान पर आने-जाने के लिए कई वर्षों से खोली गई है। यहां गेट नहीं होने के कारण आवारा श्वान अस्पताल परिसर में प्रवेश कर जाते हैं। इसके साथ ही पोस्टमार्टम कक्ष की ओर से भी आवारा श्वानों के प्रवेश करने से सीएमएचओ कार्यालय के समीप, अस्पताल के बरामदे आदि स्थानों पर श्वानों की मौजूदगी हमेशा बनी रहती है।
नागरिकों ने बताया कि इससे पहले यहां मवेशियों की धमाचौकड़ी बनी रहती थी। इन पर किसी तरह से लगाम लगाए जाने के बाद अब यहां श्वानों की धमाचौकड़ी कम होने का नाम नहीं ले रही है। गौरतलब है कि कॉम्प्लेक्स की ओर आने-जाने के लिए यहां दीवार का एक हिस्सा बिना गेट का खुला है। जिससे यहां आवारा तत्वों, शराबियों का प्रवेश हो जाता है। इससे पहले प्रसूता वार्ड से बच्चा चोरी के मामले में आए दो अज्ञात व्यक्ति भी उक्त मार्ग से फरार हुए थे। उस समय उक्त गेट को बंद किए जाने की बात सामने आई थी लेकिन यह ठण्डे बस्ते में डाल दी गई। नागरिकों ने मांग की है कि जिला अस्पताल के बिना उपयोग वाले ऐसे प्रवेश द्वार को पूर्णत: बंद किया जाए और श्वानों, मवेशियों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया जाए।
इनका कहना है
कुछ गेट खुले हुए हैं जिसे बंद किए जाने की कवायद चल रही है। मवेशियों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है। श्वानों की धरपकड़ जारी है।
डॉ. पी. सूर्या, आरएमओ
जिला चिकित्सालय, सिवनी।
Updated on:
31 Oct 2019 11:46 am
Published on:
31 Oct 2019 11:46 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
