scriptmp election 2023: कर्जदार किसान छोड़ रहे खेती, बेचने लगे अपने खेत | mp election 2023 jaisinghnagar vidhan sabha election ground report | Patrika News
शाहडोल

mp election 2023: कर्जदार किसान छोड़ रहे खेती, बेचने लगे अपने खेत

जयसिंहनगर विधानसभा क्षेत्र: पहाड़ों से रिसकर आने वाले पानी से प्यास बुझाने की मजबूरी

शाहडोलMay 24, 2023 / 02:19 pm

Manish Gite

jaisingh.png

शुभम बघेल

शहडोल। शबनम मौसी के रूप में देश को पहली किन्नर विधायक देने वाली जयसिंहनगर विधानसभा सीट का मिजाज इस बार के विधानसभा चुनाव के लिए किस तरह का है, आम जन इस बारे में क्या सोच रहा है और नुमाइंदों से किस तरह की उम्मीद कर रहा है, यह अहसास लेने के लिए बाइक की सवारी शुरू की, तो मेरी पीठ की तगड़ी परीक्षा हो गई। तेज धूप में शहर की जर्जर सड़कों से गुजरकर कल्याणपुर होते हुए निकला। रास्ते में किसी समय शहर की जीवन रेखा मानी जाने वाली मुडऩा नदी की बदहाल स्थिति देखने को मिली। लमरो गांव से रफ्तार पकड़ते ही खराब सड़कों से वास्ता पड़ा।

 

मझगवां से आगे बढ़ा तो सड़क किनारे 10-12 ग्रामीणों का समूह एक दुकान पर चर्चा कर रहा था। परिचय देने के बाद मैंने विकास की स्थिति पर चर्चा छेड़ी तो ग्रामीण बोले, बस्ती में चले जाओ, विकास दिख जाएगा। वे मुझे साथ भी ले गए। मझगवां बंधा बस्ती पहुंचा तो बिजली ही नहीं थी। शारदा सेन बोले, 40 से ज्यादा परिवार हैं, लेकिन बिजली नहीं है। बिजली पोल लाए हैं और टीसी कनेक्शन लेकर खुद के खर्च से बिजली तार जोड़ लिया है। गांव में चौपाल लगाए बैठे वृद्ध भोली बैगा और सुखलाल बैगा ने सरकार के कार्यों को लेकर नाराजगी जताई। बोले, न पीएम आवास मिला और न ही पेंशन मिल रही है।

मंदलाल बैगा ने पानी की समस्या गिनाई। बोले, पहले खेती करते थे। अब पानी ही नहीं मिल पाता है। बांध है लेकिन पानी नहीं देते हैं। नहर से नीचे के गांवों को फायदा होता है। मशीन लगाने पर जब्त कर लेते हैं। लालमन बैगा बोले- उद्योग हैं नहीं। मजदूरी भी कम मिलती है। गांव-घर के युवा रोजी-रोटी के लिए हर साल पलायन कर जाते हैं। कुछ दूरी पर साधन का इंतजार करते हुए बहन को ससुराल से लेने आए दीपक कुशवाहा कहते हैं, यहां न ट्रेन रूट है न बस चलती है। आटो के भरोसे 50 से ज्यादा गांव हैं।

 

सर्वे में नाम नहीं, हम बैगाओं की क्या गलती

यहां से आदिवासी गांव पचड़ी पहुंच गया। पचड़ी व खौहाई में कई आदिवासी बैगा परिवारों के पास छत नहीं है। नागेश बैगा, संजीव बैगा, सुंदरलाल बैगा और सोनीलाल कहते हैं, पीएम आवास के लिए दर्जनों आवेदन कर चुके हैं। अधिकारी कहते हैं, 2011 सर्वे सूची में नाम न होने से आवास नहीं मिल सकता है। खौहाई गांव में भी यही स्थिति थी। आधे गांव में आवास आदिवासी परिवारों को स्वीकृत नहीं हुआ है। इससे आगे चलकर पचड़ी के ददरा टोला में आंगनबाड़ी केन्द्र खुला दिखा तो पहुंच गया। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ने बताया कि तीन कुपोषित बच्चे दर्ज हैं। 300 से ज्यादा आबादी है, फिर भी मुख्य आंगनबाड़ी नहीं है। 2 किमी दूर से पानी लाते हैं। आंगनबाड़ी के लिए बिल्डिंग नहीं है, उधार के अतिरिक्त भवन में लगाते हैं। आगे भी यही मुद्दा था। पीने के लिए पानी लाते भैयालाल अगरिया, स्वामी सिंह मिले। पेयजल पर बात करने पर झिरिया (नाला) ले गए, बोले यहां पहाड़ों से रिसकर पानी पहुंचता है, उससे ही गांव वाले प्यास बुझाते हैं। जल जीवन मिशन का काम वर्षों से चल रहा है लेकिन आज तक घरों में पानी नहीं पहुंचा है।

 

shahdol22.png

गेहूं में लागत अधिक, कीमत कम

मझगवां से बीहड़ गांव के जंगल से होकर जुगवारी पहुंचा। यहां किसान होरीलाल जैसवाल ने पीड़ा बयान की। गेहूं में बोनी से लेकर कटाई व परिवहन तक लागत 28 रुपए किलो लग रही है। सरकार 21.40 रुपए दे रही है। 30 किमी दूर उपज बेचने जाना पड़ता है। रुकना भी पड़ जाता है। खर्च काटकर सिर्फ 15 रुपए बचता है। किसान खेती करना छोड़ रहे हैं। हर साल किसान एक से दो एकड़ जमीन बेच रहा है। पत्रिका प्रतिनिधि के आने की बात सुनकर कृष्ण कुमार जैसवाल ऋण माफी का प्रमाण पत्र लेकर पहुंच गए। बोले, इसमें सरकार से लेकर प्रबंधक के हस्ताक्षर हैं। प्रमाण पत्र दे दिया था कर्ज माफ है, लेकिन अब भी कर्ज चढ़ा है। रमई कोल की भी यही समस्या थी। कहा, दलालों से बैंकों से कर्ज करा लिया और भैंस निकलवा ली। अब बिना भैंस के कर्जदार हूं।

 

 

उद्योग और नागपुर ट्रेन शहर के लिए बड़ा मुद्दा

सिंहपुर से शहर की ओर लौटते वक्त रास्ते में शशिकांत एक चाय की दुकान में मिल गए। यहां कर्नाटक चुनाव पर चर्चा चल रही थी। शशिकांत बोले, कृषि कॉलेज, नागपुर तक सीधी ट्रेन और उद्योगों में स्थानीय युवाओं को नौकरी बड़े मुद्दे हैं। उद्योग बढ़ेगे तो ही यहां से आदिवासियों का पलायन रुकेगा।

 

यह भी पढ़ेंः

mp election 2023: मवेशियों ने छीन ली किसानों की रोटी, तराई में पानी का घोर संकट
mp election 2023 मुफ्त राशन के लिए भी रुपए देते हैं, आज भी चूल्हे पर बनाते हैं खाना
जावरा और आलोट विधानसभा क्षेत्र: नदी के मुहाने पर लोग प्यासे, पलायन का भी भारी दर्द
mp election 2023: सेव, सोने और साड़ी के शहर में उद्योग विकसित नहीं होने का दर्द आज भी है
mp election 2023: बस्ती को नहीं मिला अमृत, बाड़े में कारोबार के रास्ते बाधित
mp election 2023: लोगों का दर्द, किला रोड को चमकाने के लिए हमारे घर तोड़ दिए
mp election 2023 – सड़कों से चलकर महंगाई आ रही है, नौकरी और बिजली नहीं
सबलगढ़-जौरा विधानसभा क्षेत्र: आदिवासी आज भी बेहाल, पीने का पानी सबसे बड़ा मुद्दा
mp election 2023: दो साल पहले हाईवे बनाया, पुल ही बनाना भूल गए
mp election 2023: खंभे और तार तो मिल गए, बिजली का अब भी है इंतजार
mp election 2023: ऐसा क्षेत्र जहां रोजगार का संकट, हर दिन पलायन की स्थिति
mp election 2023: भाऊ की एक ही मांग…। पांढुर्ना जिला बने तो समस्याओं का हो निदान
mp election 2023: गरोठ के अब तक जिला न बनने की टीस
mp election 2023: किसानों ने रोया दुखड़ा- पहले जहां थे, आज भी वहीं हैं
mp election 2023: लाड़ली बहनें प्रसन्न, किसानों को खुश होने का इंतजार
mp election 2023: विकास कितना भी करा लो, पर रोजगार बिन सब बेकार है
mp election 2023: ‘लाड़ली तो घणी हाउ है, पर परेशानी भी घणी है’
mp election 2023: बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर गहरी टीस, बेरोजगारी पर भी कड़वे बोल

 

Home / Shahdol / mp election 2023: कर्जदार किसान छोड़ रहे खेती, बेचने लगे अपने खेत

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो