शहडोल. मानव एकता दिवस के अवसर पर संत निरंकारी मिशन चेरिटेबल ट्रस्ट द्वारा रक्तदान शिविर के साथ ही बाइक रैली का आयोजन किया गया। रक्तदान शिविर के साथ ही बाइक रैली में बड़ी तादाद में संत निरंकारी मिशन चेरिटेबल ट्रस्ट के अनुयायी शामिल हुए। नुक्कड़-नाटक के माध्यम से लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का शुभारंभ बाइक रैली के साथ हुआ। लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से जिला मुख्यालय के जयस्तंभ चौक से बाइक जागरूकता रैली निकाली गई। इस रैली में सैकड़ों की संख्या में निरंकारी मिशन के अनुयाई शामिल हुए। संत निरंकारी मिशन के मुखी जीडी आहूजा एवं जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉक्टर जीएस परिहार ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। बाइक रैली जय स्तम्भ चौक से प्रारंभ होकर गांधी चौक, इंदिरा चौक, दरभंगा चौक, रेलवे स्टेशन, परमट, पुरानी गांधी चौक, सिंधी बाजार, किरन टाकीज चौक होते हुए शुभम पैलेस में समाप्त हुई। रैली में शामिल सेवादल के भाई-बहन रक्तदान महादान जैसे नारे लिखे हुए तख्तियों को हाथ में लेकर चल रहे थे। निरंकारी मिशन के सेवादल के सदस्यों ने शहर में कई स्थानों पर नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया। जयस्तंभ चौक, गांधी चौक, इंदिरा चौक सहित कई जगह नुक्कड़ नाटक के माध्यम से रक्तदान करने का संदेश दिया।
रक्तदाताओं ने बढ़-चढकऱ लिया हिस्सा
संत निरंकारी मिशन के द्वारा शुभम पैलेस में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। मुखी जी डी आहूजा, सिविल सर्जन डॉ. जीएस परिहार, ब्लड बैंक प्रभारी डॉ सुधा नामदेव, मेडिकल कॉलेज के डॉ. पवन वानखेडे ने शिविर का शुभारंभ किया। शिविर में पहुंचे लोगो ने बड़े उत्साह के साथ रक्तदान किया। इस दौरान 111 यूनिट रक्तदान हुआ। संत निरंकारी मिशन का यह 15वां रक्तदान शिविर था जिसमें पूरे उत्साह के साथ निरंकारी मिशन के अनुयायियों ने हिस्सा लिया।