शहडोल.शहर में अपराध की रोकथाम के लिए पुलिस ने सख्ती दिखाई है। शाम 7 बजे से रात 11 बजे तक सूनसान इलाकों पर पुलिस दबिश देकर असामाजिकतत्वों पर कार्रवाई कर रही है। शनिवार की रात पुलिस ने पांडवनगर हनुमान घाट के पास एक घर से असामाजिकत्तवों को नशाखोरी करते पकड़ा है, जिन्हें हिदायत देकर छोड़ दिया गया। ज्ञात हो कि बीते दिनों हनुमान घाट के पास शिक्षक पर चाकू से हमला कर हत्या कर दी गई थी। इसी इलाके में कुछ लोग अनैतिक कार्य को अंजाम देते हैं। जिसकी जानकारी मिलते ही पुलिस ने रात में दबिश देकर कार्रवाई की है। पुलिस ने घटना के बाद यहां से दुकानों को भी हटाया हैं। जहां असामाजिकतत्वों की जमघट लगा करती थी। इसके साथ ही बाइक सवार बदमाशों के द्वारा लाठी मारकर लोगों को घायल करने की घटना भी सामने आई है। कोतवाली टीआई राघवेन्द्र तिवारी ने बताया अपराध की रोकथाम के लिए शहर सहित आसपास के ग्रामीण इलाकों में नाइट गश्त बढ़ा दी गई है। मनचले व बदमाशों पर विशेष नजर रखी जा रही है। इसके साथ ही अनैतिक कार्य को अंजाम देने वाले ठिकानों पर दबिश देकर कार्रवाई की जा रही है।