शहडोल. उसे क्या मालूम कि वह जिससे शादी कर रहा है, महज दो सप्ताह में ही उसकी हत्या हो जाएगी। उसकी हत्या और कोई नहीं, बल्कि पत्नी का दोस्त ही उसे मौत के घाट उतार देगा। इस मामले में आरोपियों को गिरफ्तार पुलिस ने सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है। वहीं पुलिस इस मामले में अन्य जांच भी कर रही है। जिससे हत्या की मूल वजह सामने आएगी। बुढ़ार थाना क्षेत्र के सेमरा निवासी रेखम लाल बैगा की हत्या के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। ज्ञात हो कि गुरूवार को कटकोना बांध के किनारे युवक का शव संदिग्ध अवस्था में मिला था। मृतक के सिर पर गंभीर चोट के निशान थे। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच में युवक की हत्या होना पाया। पुलिस ने बताया कि मृतक की शादी 2 मई को हुई थी। 15 मई को मृतक बिना बताए चला गया था। इसी दौरान गुरूवार को उसका शव बांध के किनारे मिला। पुलिस ने जांच में पाया कि मृतक की पत्नी का दोस्त घटना के दिन गांव में देखा गया था। पुलिस ने संदेही दीपक कोरी को पकड़कर पूछताछ की तो उसने बताया, मृतक रेखमलाल को रास्ते से हटाने के लिए 2 अन्य साथियों के साथ मिलकर 16 मई को हाथ-मुक्का एवं पत्थर पटकर हत्या कर दी। पुलिस ने हत्या के आरोपी में दीपक कोरी, अमन प्रताप सिंह बरगाही 21 वर्ष व एक नाबालिग आरोपी को गिरफ्तार किया है।