
शाजापुर. जनसंपर्क करने निकले भाजपा प्रत्याशी अरुण भीमावद को ग्रामीणों ने काले झंडे दिखाए। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ता और ग्रामीण आपस में भिड़ लिए। देखते ही देखते लात-घूंसे चल गए। यह घटना शनिवार को शाजापुर के ग्राम दुपाड़ा में उस समय घटित हुई जब भाजपा प्रत्याशी भीमावद जनसंपर्क कर रहे थे। मारपीट में घायलों को शाजापुर जिला अस्पताल लाया गया। ग्राम दुपाड़ा में बीजेपी विधायक और वर्तमान प्रत्याशी अरुण भीमावद शाम करीब 6 बजे अपने समर्थकों के साथ चुनाव प्रचार के लिए पहुंचे थे। यहां पर भाजपाइयों ने भीमावद के स्वागत के लिए मंच भी बनाया था। जैसे ही भीमावद और उनके समर्थक गांव में पहुंचे यहां पर ग्रामीणों ने उन्हें काले झंडे दिखाते हुए पांच साल में किए विकास कार्यों का हिसाब पूछते हुए रास्ता रोक लिया। इस पर भीमावद के समर्थकों ने रास्ता छोडऩे की बात कही। इस पर भीमावद के समर्थक नाराज हो गए और गाडिय़ों से उतरकर ग्रामीणों पर हमला कर दिया। लोहे की रॉड से हमले में आधा दर्जन ग्रामीण घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया। सूचना मिलने के बाद गांव में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया।