
sidhi crime: FIR registered against woman who took buffalo as bribe
सीधी/ वारिसाना कराने के एवज में उपखंड कार्यालय सिहावल में पदस्थ लिपिक द्वारा मांगी जा रही रिश्वत के रूप में भैंस देने पहुंची महिला पर ही पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने एसडीएम के पत्र के आधार पर महिला सहित नौ लोगों के विरुद्ध आपराधिक प्रकरण कायम किया है। इसमें कुछ भाजपा नेता और मीडियाकर्मी भी शामिल हैं।
ये है मामला
बता दें कि सिहावल तहसील के नौढिया गांव की रामकली पटेल ने चार माह पूर्व अपनी जमीन का वारिसाना कराने के लिए उपखंड अधिकारी (एसडीएम) सिहावल के न्यायालय में अपील दायर की थी, लेकिन प्रकरण पर लंबे समय तक सुनवाई नहीं हुई। महिला ने बताया कि एसडीएम के बाबू शुक्ला ने काम के एवज में रिश्वत की मांग की। इस पर दूध बेचकर 10 हजार रुपए दिए। तब बाबू ने आश्वासन दिया कि काम हो जाएगा। काम नहीं होने पर पिछले दिनों जब फिर एसडीएम कोर्ट पहुंची तो बाबू ने कहा कि फाइल नहीं मिल रही। कुछ रुपए और देने पड़ेगे। घर में रुपए नहीं होने पर मंगलवार को महिला भैंस लेकर तहसील कार्यालय रिश्वत देने पहुंची थी।
बदले की भावना से कार्रवाई
मामला सुर्खियों में आने पर एसडीएम सिहावल आरके सिन्हा ने फरियादी पर ही बदले की भावना से कार्रवाई करते हुए पुलिस चौकी सिहावल को कार्यालयीन पत्र भेजा। उसमें लेखा कि रामकली पति शंभू प्रसाद पटेल निवासी नौढिय़ा कृषक ग्राम अमिरती 7 जनवरी को अन्य सहयोगी लोगों के बहकावे में आकर तहसील परिसर में भैंस लेकर आई। कार्यालय में पदस्थ तृतीय श्रेणी कर्मचारी वीरेंद्र कुमार शुक्ला को 10 हजार देने, पुन: 10 हजार रुपए मांगने का आरोप लगाकर भैंस को तहसील परिसर में बांध दिया।
कलेक्टर ने एसडीएम को हटाया
मामला सुर्खियों में आने पर सिहावल पहुंचे कलेक्टर रविन्द्र कुमार चौधरी ने मामले में संज्ञान लिया और एसडीएम को तत्काल सिहावल से हटाकर कुसमी उपखंड का उपखंड अधिकारी बनाया है, वहीं एसडीएम कुसमी सुधीर कुमार बेक को सिहावल का एसडीएम बनाया है। कलेक्टर ने घटना की जांच के निर्देश अपर कलेक्टर को दिए हैं।
नेता और मीडियाकर्मी भी
मामले में रामकली पटेल के साथ ही भाजपा मंडल अध्यक्ष राजेश्वर पटेल, पूर्व मंडल अध्यक्ष चंद्रशेखर शुक्ला, यादवेंद्र पटेल, प्रदीप पटेल सहित चार मीडियाकर्मियों के विरुद्ध भी सिहावल पुलिस चौकी में अपराध दर्जकर किया गया है।
मुझे मामले की जानकारी पूर्व में नहीं थी। मीडियाकर्मियों पर दर्ज किया गया मामला वापस लिया जाएगा। मेरी पुलिस अधीक्षक से भी चर्चा हुई है।
रवींद्र कुमार चौधरी, कलेक्टर सीधी
एसडीएम के शिकायती पत्र के आधार पर प्रथम दृष्ट्या अपराध दर्ज किया गया है। विवेचना के दौरान मीडियाकर्मियों के नाम काटे जाएंगे।
आरएस बेलवंशी, पुलिस अधीक्षक सीधी
Published on:
09 Jan 2020 03:21 pm
बड़ी खबरें
View Allसीधी
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
