
सरकारी भर्तियों की घोषणाओं के बाद सरकार का सरोकार 'आउट ऑफ सिलेबस'!
सीकर. सरकार की ओर से बेरोजगारों को राहत देने के लिए लगातार भर्तियों की घोषणा की जा रही है। लेकिन अभी भी प्रदेश में कई भर्तियां नियम व सिलेबस के फेर में उलझी हुई है। फिलहाल राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड भर्तियों के मामले में राजस्थान लोक सेवा आयोग पर भारी पड़ रहा है। लेकिन युवाओं का नौकरी का सपना लगातार दूर हो रहा है। सरकार ने बोर्ड को रीट शिक्षक भर्ती मुख्य परीक्षा कराने का जिम्मा दिया है। लेकिन इस भर्ती का सिलेबस भी अभी विवादों में उलझा हुआ है। इसके अलावा कर्मचारी चयन बोर्ड पीटीआई भर्ती की विज्ञप्ति भी जारी कर चुका है और आने वाले दिनों में समान पात्रता परीक्षा कराई जानी है। इसमें नौ विभागों की भर्तियां भी शामिल है। वहीं वनपाल वन रक्षक व सीएचओ सहित अन्य भर्तियों का जिम्मा भी कर्मचारी चयन बोर्ड को मिल सकता है। सूत्रों की मानें तो चयन बोर्ड ने भर्ती को हरी झडी भी दे दी है। लेकिन सिलेबस की वजह से मामला उलझा हुआ है। इस तरह की लापरवाही से प्रदेश के 30 लाख बेरोजगारों का इंतजार बढ़ रहा है।
और ऐसे समझें पूरा गणित
शिक्षक भर्ती:
रीट शिक्षक भर्ती मुख्य परीक्षा जनवरी माह में प्रस्तावित है। बोर्ड ने परीक्षा कैलेंडर भी जारी कर दिया। लेकिन तैयारी करने वाले अभ्यर्थी अभी भी असमंजस में हैं कि बोर्ड का अंतिम सिलेबस कौनसा है। कई बेरोजगार संगठनों ने विरोध किया तो एक कमेटी बनाई। हालांकि बेरोजगार अभी रीट परीक्षा की तैयारी में जुटे है। लेकिन बेरोजगारों की मांग है कि एक अगस्त तक सिलेबस जारी होना चाहिए।
पीटीआई भर्ती:
पीटीआई भर्ती की परीक्षा की विज्ञप्ति जारी हो चुकी है। फिलहाल आवेदन प्रक्रिया जारी है। लेकिन अभ्यर्थियों का सिलेबस को लेकर संशय खत्म नहीं हुआ है। बेरोजगारों का कहना है कि परीक्षा की संभावित तिथि भी जारी हो चुकी है। इसके बाद भी सिलेबस पर पूरी तरह मुहर नहीं लगने से तैयारी प्रभावित हो रही है।
सीएचओ भर्ती:
हाल ही में कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर भर्ती करवाने की जिम्मेदारी भी चिकित्सा विभाग ने अधीनस्थ बोर्ड को दी है विभाग दिसंबर से पहले भर्ती पूरी चाहता है बोर्ड को भर्ती की विज्ञप्ति और सिलेबस भी जारी करना है जिसके लिए विभाग की तरफ से विज्ञप्ति का प्रारूप और रोस्टर चार्ट भेज दिया गया है।
परीक्षा होने और इसके बाद फिर नौकरी मिलने में काफी समय लग रहा है। इससे युवाओं का नौकरी का सपना टूट रहा है। सरकार को कलैण्डर जारी करना चाहिए जिससे युवाओं को समय पर नौकरी मिल सके। परीक्षा एजेन्सियों की ओर से विज्ञप्ति के साथ ही सिलेबस जारी करना चाहिए जिससे युवा और बेहतर तरीके से तैयारी कर सके। -भरत बेनीवाल, अध्यक्ष, राष्ट्रीय रोजगार संघ
Updated on:
21 Jul 2022 05:54 pm
Published on:
21 Jul 2022 05:52 pm

बड़ी खबरें
View Allसीकर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
