
सीकर.
झुंझुनूं में अन्तरराष्ट्रीय महिला दिवस 8 मार्च को होने वाली प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सभा के दो दिन का समय शेष है, लेकिन अभी से भाजपा के मंत्रियों में आपसी राड सामने आने लग गई है। एक-दूसरे पर कटाक्ष करने लगे हैं। एक मंत्री ने आरटीओ की खिंचाई की तो दूसरे ने आरटीओ का ही पक्ष ले लिया और खुद की ही पार्टी के मंत्री से सभी के सामने लिस्ट मांग ली।
पीएम की प्रस्तावित सभा को लेकर बीकानेर बाइपास स्थित एक विवाह स्थल में सोमवार को आयोजित बैठक में सैनिक कल्याण सलाहकार समिति के अध्यक्ष (राज्य मंत्री) प्रेम सिंह बाजौर ने परिवहन व्यवस्था के मामले को लेकर मंत्री यूनुस खान को जमकर खरीखरी सुनाई। बाजौर ने कहा कि मंत्रीजी आपका सीकर आरटीओ एकदम फेल है।
इनके भरोसे रहकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सभा में भीड़ नहीं जुटाई जा सकती। क्योंकि आरटीओ की ओर से उपलब्ध करवाए जाने वाले साधन समय पर नहीं पहुंचेंगे। जब साधन पहुंचेंगे, तब तक बहुत देर हो चुकी होगी। विधायकों व कार्यकर्ताओं के सामने यह बात सुनकर एक बार तो परिवहन मंत्री भी बगले झांकने लगे, बाद में उन्होंने बात को संभालते हुए कहा कि आपके पास रात को ही बसें आ जाएंगी, लेकिन अभी तक आपने मंडलवार लिस्ट ही नहीं भेजी। सात मार्च को रात को ही एक हजार बड़ी बसें आपके पास आ जाएंगी। बैठक के बाद मंत्री ने आरटीओ को बंद कमरे में बुलाकर दिशा-निर्देश भी दिए। इधर, दोनों मंत्रियों की खींचतान का कारण सब अपने-अपने तरीके से अलग-अलग मान रहे हैंं।
आठ मार्च को झुंझुनूं में होने वाली प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सभा में भीड़ जुटाने के लिए आयोजित बैठक में यूनुस खान ने कहा कि सूरतगढ़, उदयपुर व बाड़मेर के बाद अब झुंझुनूं में पीएम की सभा है। इसमें सबसे ज्यादा भीड़ आनी चाहिए। बाड़मेर में तो भौगोलिक स्थिति एकदम विपरीत थी, यहां तो तीनों जिलों (चूरू, झुंझुनूं, सीकर) की सभा है। कार्यकर्ताओं को समय पर लाना है, नहीं तो वे बाहर ही रह जाएंगे।
चुनाव लडऩे वालों के लिए मौका
बाजौर ने कहा जो विधानसभा का चुनाव लडऩा चाहते हैं उनके लिए पीएम की यह सभा एक मौका है। इसके लिए सभी को जोर लगाना चाहिए। इसका फायदा जरूर मिलेगा। किस विधानसभा क्षेत्र से कितने वाहन व लोग जाएंगे, उनकी सभी की निगरानी रहेगी। चिकित्सा राज्य मंत्री बंशीधर बाजिया ने कहा कि यदि एक बूथ से पांच फीसदी मतदाता भी सभा में चले जाएंगे तो सभा हर हाल में सफल हो जाएगी।
यूआईटी चेयरमैन हरिराम रणवा ने कहा कि सभी चाहे जयपुर में हो या कहीं और भीड़ जुटाने में सीकर हमेशा आगे रहा है, इस बार भी सभी जिलों से हर हाल में आगे रहेगा। पूर्व जिलाध्यक्ष महेश शर्मा ने कहा कि सीकर से अस्सी हजार की भीड़ ले जाने का लक्ष्य है, इसे हर हाल में पूरा करना है। यहां के कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों के लिए यह असंभव नहीं है।
Updated on:
06 Mar 2018 10:55 am
Published on:
06 Mar 2018 10:51 am

बड़ी खबरें
View Allसीकर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
