
Big Accident: तेज रफ्तार में ट्रोले से टकराई कार, चार युवकों की दर्दनाक मौत
सीकर/फतेहपुर. राजस्थान के सीकर जिले के फतेहपुर कस्बे में बुधवार को ट्रोले व कार की भीषण भिडंत (Horrific Accident) हो गई। हिसार-सालासर हाइवे पर मरडाटू मोड़ पर हुए हादसे में कार सवार जोधपुर निवासी चार युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रोला कार को करीब 50 मीटर दूर तक सडक़ के नीचे घसीटता हुआ ले गया। चकनाचूर हुई कार में युवकों के शव भी बुरी तरह से फंस गए। जिन्हें मौके पर पहुंची पुलिस ने क्रेन की मदद से बड़ी मशक्कत से बाहर निकलवाया। पुलिस के अनुसार मृतक जोधपुर के बुडकिया निवासी तेजाराम सिहाग (27)पुत्र अर्जुन राम, कालिया डक्का हरिजन बस्ती खांडा फलसा निवासी शाहरूख खान(24)पुत्र अब्दुल सलीम, मियां चौक माइला बास खांड निवासी राजू रियाज खान (34)पुत्र गुलजार खान तथा भोपालगढ़, जोधपुर निवासी रेवत राम चौधरी (28)पुत्र नरसिंह राम बुडकिया है। जिनके शव धानुका अस्पताल की मोर्चरी में रखवाए गए हैं।
ओवरटेक करते समय हुआ हादसा, फरार हुआ चालक
जानकारी के अनुसार कार सवार अल सुबह ही जोधपुर से फतेहपुर की तरफ आ रहे थे। इसी दौरान मरडाटू मोड़ के पास सुबह करीब पांच बजे तेज रफ्तार ट्रोला एक वाहन को ओवरटेक करता हुआ सामने से आकर कार से टकरा गया। कार को घसीटकर सडक़ से नीचे ले जाते हुए ट्रोला खुद भी कच्चे रास्ते में फंस गया। घटना के बाद ट्रोला चालक तुरंत मौके से फरार हो गया।
तेज धमाका हुआ, ट्रोले से चिपकी रही कार
ट्रोले व कार की भिड़त से तेज धमाका हुआ। जिसे सुन नजदीकी लोग भी मौके पर पहुंचे। देखा तो ट्रोले से टकराई कार उससे चिपकी हुई थी। सूचना पर पुलिस व एंबुलेंस भी मौके पर पहुंची। बाद में क्रेन की मदद से कार को अलग कर बड़ी मशक्कत से चारों के शव बाहर निकालकर उन्हें राजकीय धानुका अस्पताल पहुंचाया गया। जहां चारों की मौत की पुष्टि के बाद मोर्चरी में रखवाया गया।
Updated on:
07 Jun 2023 11:48 am
Published on:
07 Jun 2023 11:40 am

बड़ी खबरें
View Allसीकर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
