
नीमकाथाना/सीकर।
राजस्थान में भ्रष्टाचार के खिलाफ छिड़ी जंग में सीकर एसीबी (ACB) की टीम को आज एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। नीमकाथाना जिले के भगेगा पटवार हल्का में तैनात महिला पटवारी सुमन कुमारी को एसीबी ने 7,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपिया पटवारी ने यह राशि परिवादी की जमाबंदी में नाम दुरुस्त करने की एवज में मांगी थी।
एसीबी मुख्यालय को प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक परिवादी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी जमाबंदी में नाम संबंधी कुछ त्रुटियां थीं। जब वह इसे दुरुस्त करवाने के लिए भगेगा पटवार हल्का पहुँचा, तो वहां तैनात पटवारी सुमन कुमारी ने इस काम को करने के बदले रिश्वत की मांग की। परिवादी द्वारा मिन्नतें करने के बावजूद पटवारी अपनी मांग पर अड़ी रही, जिसके बाद पीड़ित ने भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की सीकर इकाई में अपनी शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत मिलने के बाद एसीबी सीकर के एएसपी विजय कुमार और इंस्पेक्टर सुभाष मील के नेतृत्व में शिकायत का सत्यापन किया गया। सत्यापन के दौरान पटवारी द्वारा रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई।
यह पूरी कार्रवाई एसीबी मुख्यालय के निर्देशों पर और एसीबी डीआईजी अनिल कयाल के करीबी सुपरविजन में की गई।
महिला पटवारी की गिरफ्तारी की खबर फैलते ही तहसील कार्यालय और राजस्व विभाग के अन्य कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। अक्सर राजस्व विभाग में छोटे कामों के लिए भी रिश्वतखोरी की शिकायतें आती रहती हैं, ऐसे में एसीबी की इस कार्रवाई को आम जनता के लिए एक बड़ी राहत और भ्रष्ट अधिकारियों के लिए कड़ी चेतावनी के रूप में देखा जा रहा है।
Updated on:
02 Feb 2026 04:26 pm
Published on:
02 Feb 2026 04:26 pm
