
राजस्थान में अशोक गहलोत ही कांग्रेस, पायलट नहीं बन सकते मुख्यमंत्री- विधायक महादेव सिंह
सीकर. राजस्थान में मुख्यमंत्री गहलोत व पायलट की गुटीय सियासत के बीच खंडेला विधायक महादेव सिंह खंडेला ने प्रेसवार्ता कर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत में अटूट विश्वास की बात कही है। कांग्रेस से टिकट नहीं मिलने पर निर्दलीय चुनाव जीतकर कांग्रेस के समर्थन में आए विधायक महादेव सिंह ने कहा कि वे जन्मजाती कांग्रेसी है और राजस्थान में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ही कांग्रेस है। जो गांधी परिवार के सबसे विश्वसनीय व्यक्ति है। सिंह ने कहा कि इंदिरा गांधी व राजीव गांधी के काल में मंत्री रहे गहलोत सोनिया गांधी व राहुल गांधी से भी दिल से जुड़े हैं और जनता भी उन्हें ही चाहती है। आलाकमान द्वारा सचिन पायलट को मुख्यमंत्री बनाने पर भी गहलोत के समर्थन में रहने के सवाल पर उन्होंने कहा कि ये संभव ही नहीं है। आलाकमान पायलट को कभी मुख्यमंत्री नहीं बना सकता। अशोक गहलोत ही मुख्यमंत्री पद पर रहेंगे।
इंदिरा गांधी का प्रमाण पत्र दिखाकर जताई निष्ठा
सर्किट हाउस में आयोजित प्रेसवार्ता में विधायक महादेव सिंह ने कांग्रेस के प्रति अपनी निष्ठा जाहिर करने के लिए पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी से प्राप्त प्रमाण पत्र भी दिखाया। जो आपातकाल के बाद 1979 में इंदिरा गांधी के कारावास के विरोध में जेल जाने पर उन्हें प्राप्त हुआ था। उन्होंने कहा कि उनके पिता व दादा भी प्रजामंडल के समय से कांग्रेस के साथ रहे। उनकी भी शिक्षा व संस्कार कांग्रेसी माहौल में होने से उन्होंने कांग्रेस को ही हमेशा अपनी मां माना। कहा कि कांग्रेस की बदौलत ही वे छह बार विधायक व एक बार केंद्रीय मंत्री बने। उन्होंने 1993 के मध्यावधि चुनावों का भी जोर देकर जिक्र किया और कहा कि 22 निर्दलियों में से उस समय भी 17 निर्दलीय विधायक भाजपा के समर्थन में आकर भैरोंसिंह सरकार में मंत्री बने लेकिन उन्होंने लोभ से दूर कांग्रेस का ही दामन थामा था।
जनता मुझे ही मानती है कांग्रेस
कांग्रेस से बगावत कर निर्दलीय चुनाव लडऩे के सवाल पर सिंह ने कहा कि यह खंडेला की जनता का फैसला था। खंडेला की जनता उन्हें ही कांग्रेस मानती है। इसलिए जनता के कहने पर ही चुनाव लड़ा। हालांकि जनता के कहने पर पायलट के पक्ष में हो होने की संभावना के सवाल पर वे बदल गए। कहा ये फैसला मेरा होगा। हालांकि जनता मेरे साथ होगी।
Updated on:
17 Jun 2021 02:04 pm
Published on:
17 Jun 2021 02:00 pm
बड़ी खबरें
View Allसीकर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
