
Photo- Patrika
Shekhawati News: सीकर शहर के पास ढाका की ढाणी गांव में एक हिस्ट्रीशीटर को पकड़ने गई पुलिस पर 23 मार्च की रात करीब 12.30 बजे को हिस्ट्रीशीटर महेंद्र फोगावट व उसके तीन गुर्गों ने सबलपुरा के आगे दाना-पानी रेस्टोरेंट के पास ढाका की ढाणी जाने वाले रास्ते में थार कार से जानलेवा हमला कर दिया।
हिस्ट्रीशीटर व उसके साथी बदमाशों ने पुलिस की कार को टक्कर मारकर गाड़ी चढ़ाने का प्रयास किया था। पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने के लिए उनकी कार के टायरों पर तीन राउंड फायरिंग की लेकिन बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले। पुलिस ने आरोपियों की लग्जरी कार को फतेहपुर रोड पर सुनसान जगह से जब्त किया है। आरोपियों की कार से एमडी व अफीम मिली है।
इंद्रराज मरोड़िया ने बताया कि 23 मार्च की रात करीब 10:25 बजे वे टीम के साथ गश्त करते हुए नानी चौराहा पर पहुंचे। रात 11:30 बजे कॉन्स्टेबल नेमीचंद को इंटेलिजेंस से सूचना मिली कि हिस्ट्रीशीटर महेंद्र फोगावट सफेद रंग की गाड़ी लेकर बदमाशों के साथ सेवद से नानी चौराहे की तरफ आ रहा है। आरोपी की ओर से मोचीवाड़ा व सबलपुरा में बड़ी मात्रा में अवैध मादक पदार्थ सप्लाई करने की सूचना मिली थी।
थानाधिकारी ने दूसरी टीम के दो पुलिसकर्मियों को अपने साथ लिया। पुलिस ने बताया कि हिस्ट्रीशीटर महेंद्र फोगावट की गैंग में संजय धायल, आनंद शर्मा, संदीप पिलानिया, सुनील पांड्या, बृजेश गुर्जर और अन्य कई बदमाश हैं। करीब 11:45 बजे सदर पुलिस थाने की टीम ने चेलासी स्टैंड के पास नाकाबंदी की।
कॉन्स्टेबल अनिल और रविराज को साइंस कॉलेज के सामने पहुंची तो वहां लोगों ने बताया कि संदिग्ध गाड़ी अभी यहां से गुजरी है। पुलिस टीम रात करीब 12:20 बजे दाना-पानी होटल के पास पहुंची। 12:30 बजे कच्चे रास्ते पर पुलिस को बदमाश की गाड़ी आती दिखाई दी।
ऐसे में पुलिस ने गाड़ी आगे लगाकर हाथ से हिस्ट्रीशीटर महेंद्र की थार गाड़ी को रुकवाने का इशारा किया। महेंद्र ने गाड़ी नहीं रोकी और पुलिस के वाहन को टक्कर मारते हुए अपनी गाड़ी बैक करके पीछे की तरफ दौड़ाई।
सदर थानाधिकारी इंद्रराज मरोड़िया ने बदमाश महेंद्र की गाड़ी को रुकवाने के लिए उसके टायर को पंक्चर करने के लिए तीन राउंड फायर किए। गाड़ी तेज स्पीड में होने से निशाना नहीं लग पाया और महेंद्र अंधेरे का फायदा उठाकर वहां से गाड़ी लेकर फरार हो गया।
फतेहपुर रोड पर 40 फीट रास्ते के पास सुनसान जगह लोगों ने मंगलवार रात सफेद रंग की थार गाड़ी देखी। कोतवाली पुलिस जब मौके पर पहुंची तो लावारिस खड़ी मिली गाड़ी महेंद्र फोगावट की निकली। इसमें करीब 1-1 ग्राम एमडी और अफीम मिली। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज करके गाड़ी को जब्त कर लिया।
थानाधिकारी इंद्रराज मरोड़िया ने बताया कि हिस्ट्रीशीटर महेंद्र फोगावट पर 12 मामले दर्ज हैं। इनमें से 6 मामले घरों, दुकानों में चोरी के हैं। आरोपी अपने साथियों के साथ मिलकर घर, ट्रक व दुकानों में चाेरियां करता है। वह ड्रग्स की सप्लाई का काम रकता है और खुद की एमडी का नशा करता है।
Updated on:
26 Mar 2026 02:14 pm
Published on:
26 Mar 2026 02:14 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
