सूरमाओं की इस धरा पर लोकसभा चुनाव के लिए पूरी तरह से राजनीतिक किलेबंदी हो चुकी है। भाजपा ने दो बार के सांसद स्वामी सुमेधानंद को ‘हैट्रिक’ बनाने का मौका दिया है तो कांग्रेस ने खुद परहेज कर माकपा के कॉमरेड अमराराम पर किला जीतने की जिम्मेदारी डाली है। कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के गृह जिले की यह सीट उनके लिए प्रतिष्ठा का सवाल बनी है। सीकर लोकसभा क्षेत्र में सीकर, धोद, श्रीमाधोपुर, खंडेला, दांतारामगढ़, लक्ष्मणगढ़, नीमकाथाना, चौमूं सहित 8 विधानसभा क्षेत्र शामिल हैं। मौजूदा सांसद सुमेधानंद अपने काम और मोदी के नाम पर वोट मांग रहे हैं। वहीं विधानसभा चुनाव में आमने-सामने लड़ने वाली कांग्रेस व सीपीआई लोकसभा चुनाव में मिलकर मोदी पर निशाना साधते हुए भाजपा के विजय रथ को रोकने में पूरा दम लगा रही हैं।