
सीकर शहर में चोर गिरोह सक्रिय है। यह गिरोह सूने मकानों को निशाना बना रहा है। गिरोह ने लगातार दूसरे दिन दिन-दहाड़े वारदात कर पुलिस को चुनौती दी है। रविवार को वारदात शहर के उद्योग नगर थाना इलाके के आनंद नगर क्षेत्र में हुई। मकान के ताले तोड़कर चोर दिन में ही करीब एक लाख रुपए नगदी व जेवरात ले गए। वारदात के बाद पुलिस अधिकारियों ने मौका मुआयना किया, लेकिन अभी तक चोरों का कोई सुराग नहीं लग पाया है।
माना जा रहा है कि विनायक कॉलोनी में शनिवार को दिन-दहाड़े चोरी की वारदात करने वाले गिरोह ने इस वारदात को अंजाम दिया है। आनंद नगर में वारदात एलआई के सेवानिवृत अधिकारी राजकुमार भाभड़ा के मकान में हुई। भाभड़ा परिवार सुबह करीब सवा नौ बजे डीडवाना गया था। शाम करीब चार बजे वापस आया तो वारदात का पता चला। चोर दीवार फांदकर घर में घुसे। पीछे के गेट से अंदर प्रवेश किया और चार अलमारियों के तालें तोड़ लिए।
राजकुमार ने बताया कि चोर घर में रखी करीब एक लाख रुपए की नगदी व डेढ़ लाख रुपए के जेवरात चोरी कर ले गए।
पुलिस नहीं है गंभीर
बढ़ती चोरियों को लेकर पुलिस गंभीर नहीं है। शहर में पिछले दिनों कच्छा-बनियान गिरोह देखा गया था। इसके बाद बाइक सवार युवक के साथ आई युवती मकान में रैकी करते पाई गई। लेकिन पुलिस ने दोनों ही मामलों में गंभीरता नहीं बरती। इससे पहले उत्तरप्रदेश का गिरोह आने की भी पुलिस को सूचना मिली थी। लेकिन पुलिस इस गिरेाह को भी नहीं पकड़ पाई। पुलिस को अब नया चोर गिरोह सक्रिय होने की जानकारी मिली है। लेकिन इसे लेकर पुलिस की कहीं भी गंभीरता नजर नहीं आ रही है।
Published on:
05 Jun 2017 02:36 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
