बारात लेकर वापस लौट रही बारातियों से भरी एक बस गुरुवार को अनियंत्रित होकर एक पेड़ से जा टकराई, जिसके कारण दो बारतियों की मौत हो गई।
सिंगरौली. बारात लेकर वापस लौट रही बारातियों से भरी एक बस गुरुवार को अनियंत्रित होकर एक पेड़ से जा टकराई, जिसके कारण दो बारतियों की मौत हो गई। वहीं करीब 12 से अधिक बाराती गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती किया गया है।
मध्यप्रदेश के सिंगरौली जिले में गुरुवार सुबह करीब 10.30 बजे बारात लेकर लौट रही बस माड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत धरी गांव के पास हादसे का शिकार हो गई। दुर्घटना में तीन बारातियों की मौत हो गई। वहीं करीब एक दर्जन से अधिक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को माड़ा स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
बताया जा रहा है कि लंघाडोल से बारात लेकर जिला मुख्यालय में नवजीवन विहार जा रही प्रिया बस वाहन क्रमांक डीएल 1 पीडी 0921 एक बाइक सवार को बचाने के चक्कर में सडक़ किनारे स्थित एक पेड़ से जा टकराई। चूंकि बस की रफ्तार काफी अधिक थी, इस कारण बस में सवार बारातियों को गंभीर चोटें आई और करीब तीने बारातियों की मौत भी हो गई।
दुर्घटना में बरगवां के जोबगढ़ निवासी भाईलाल बियार, नवजीवन विहार सेक्टर नंबर 4 निवासी अमरकेश बिंद व मानिक राम बियार की मौत हो गई। तीनों को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। जबकि घायलों में शामिल नवजीवन विहार निवासी 23 वर्षीय बादल बियार, गहिलरा निवासी 26 वर्षीय लक्षमन साकेत पिता राम दुलारे, 14 वर्षीय श्रवण कुमार साकेत पिता पवन साकेत, 33 वर्षीय लालता प्रसाद साकेत पिता राजेश साकेत, 45 वर्षीय कन्हैयालाल बियार पिता बाबूलाल, नवजीवन विहार सेक्टर 4 निवासी 40 वर्षीय हीरालाल बियार पिता कन्हैयालाल व 45 वर्षीय रामप्यारे पिता प्रेम सहित अन्य का अस्पताल में इलाज किया जा रहा है। थाना प्रभारी कपूर त्रिपाठी ने बताया कि इनके अलावा भी कुछ बाराती घायल हुए हैं, जिनके नाम लिए जा रहे हैं। सभी को ग्रामीणों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। जिसमें से कुछ की स्थिति गंभीर है।