
sirohi
सिरोही. भाजपा की वर्तमान जिला कार्यकारिणी के खिलाफ एक धड़ा लामबंद हो गया है। इस धड़े ने जिला नेतृत्व में परिवर्तन मांग उठाते हुए कृषि मंत्री प्रभुलाल सैनी से मुलाकात कर जिले का फीडबैक दिया। दरअसल, सत्ता-संगठन का फीडबैक जानने के लिए तीन दिवसीय प्रवास पर पहुंचे कृषि मंत्री प्रभुलाल सैनी के साथ जिला भाजपा के पूर्व पदाधिकारियों, पूर्व जनप्रतिनिधियों ने गुरुवार को सर्किट हाउस में बैठक की। जिसमें इन्होंने आरोपों की झड़ी लगाते हुए पार्टी के वर्तमान जिलाध्यक्ष एवं विधायकों को कटघरे में खड़ा कर दिया। इतना ही नहीं पार्टी की वर्तमान कार्यकारिणी से नाराज चल रहे पूर्व पदाधिकारियों ने संगठन में ऊर्जा का संचार करने के लिए जिला संगठन में परिवर्तन करने की मांग रख दी।
तालमेल के अभाव में नहीं हो पाए काम
पूर्व पदाधिकारियों ने वर्तमान जिला संगठन की कार्यशैली की वजह से उत्पन्न समस्याओं, विगत चार सालों में उपजे प्रकरण आदि का उल्लेख करते हुए मंत्री को अवगत कराया। जिसमें बताया कि कई ऐसे विकासपरक कार्य प्राथमिकता में होने चाहिए थे और जो पिछले चुनाव में मुख्य मुद्दा बने थे, लेकिन आपसी तालमेल के अभाव में कार्य नहीं हो पाए।
जिला पदाधिकारियों पर लगाए आरोप
पूर्व पदाधिकारियों ने संगठन में जातिवाद हावी होने और विचारधारा विहीन व्यक्तियों को दायित्व सौंपने का आरोप लगाया। इसके अलावा भी जिलाध्यक्ष पर कई आरोप लगाए।
मंत्री ने कहा-एकजुट रहकर कार्य करें
इस दौरान मंत्री ने कहा कि सभी एकजुट रहकर पार्टी हित में कार्य करें। संगठन में स्थानीय स्तर पर जो कमियां बताई है, उन्हें सुधारने का आश्वासन दिया।
यह रहे मौजूद
इस मौके पर पूर्व जिलाध्यक्ष नारायण पुरोहित, पूर्व जिला महामंत्री वीरेंद्रसिंह चौहान, पूर्व जिला महामंत्री दीपाराम पुरोहित, पिण्डवाड़ा पूर्व मंडल अध्यक्ष किरण राजपुरोहित, सिरोही शहर पूर्व मण्डल अध्यक्ष बाबूलाल सगरवंशी, पूर्व नगर अध्यक्ष धनपतसिंह राठौड़, पूर्व प्रधान भंवरलाल मेघवाल, पूर्व मीडिया जिला संयोजक लोकेश खंडेलवाल, पूर्व भाजयुमो जिलाध्यक्ष योगेंद्र गोयल, पूर्व मंडल महामंत्री तुलसीराम पुरोहित, ईश्वरसिंह देवड़ा, पूर्व मंडल महामंत्री अरूण ओझा आदि ने जिले में पार्टी की स्थिति के बारे में फीडबैक दिया। इस मौके पर पूर्व जिला मंत्री भूराराम प्रजापत पिण्डवाड़ा देहात मंडल महामंत्री भैराराम चौधरी, निंबाराम देवासी, कालंद्री इकाई अध्यक्ष मगनलाल प्रजापत, लक्ष्मण पुरोहित, महेंद्र प्रजापत आदि मौजूद थे।
मंत्री की पदाधिकारियों को नसीहत-पद पर रहते हुए कभी घमंड मत करना
सिरोही.
कृषि मंत्री प्रभुलाल सैनी ने जिले के भाजपा पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को नसीहत दी कि कभी भी पद पर रहते हुए घमंड नहीं करना चाहिए। वे गुरुवार को एक होटल में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश संगठन ने सत्ता व संगठन की जिले में स्थिति व जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार की जमीनी हकीकत जाने के लिए भेजा है। ऐसे में जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्र में कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों की बैठक ली है। जिसमें कार्यकर्ताओं के जरिए कईसकारात्मक सुझाव मिले हैं। वहीं पटवारियों के पद रिक्त, पेयजल की समस्या और राजस्व शिविर लगाने के बारे में भी कार्यकर्ताओं-पदाधिकारियों ने बात रखी है। ऐसे में तीन दिन के प्रवास पर के दौरान जो फीडबैक मिला है, जिसे संगठन व सीएम के सामने रिपोर्ट रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि गत वर्ष अतिवृष्टि के दौरान जिले में फसलों में खराबा हुआ था। जिसके बीमा क्लेम की २५ फीसदी राशि किसानों को दी गईहै। इसके अलावा किसानों के लिए ५० हजार तक का ऋण माफ किया गया है। इस मौके रेवदर विधायक जगसीराम कोली, जिलाध्यक्ष लुम्बाराम चौधरी, जिला प्रवक्ता रोहित खत्री मौजूद थे।
पार्टी में कोई मतभेद नहीं
मंत्री ने कहा कि जिले में पार्टी एकजुट है। किसी में कोई मतभेद नहीं है। हालांकि, पार्टी का परिवार बड़ा है। ऐसे में किसी में मनभेद है तो उसे दूर करने का प्रयास किया जाएगा। कुछ लोग मिले थे, जिनकी बात को सुना गया है। अगर किसी की अनुशासनहीनता है तो उनके खिलाफ संगठन स्तर पर कार्रवाई की जाएगी। हमारा प्रयास रहेगा कि पार्टी एकजुट होकर आगामी चुनाव में मैदान में उतरेगी और फिर से सरकार बनाएंगे। उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा कि जिला प्रमुख व गोपालन राज्य मंत्री के बीच मनमुटाव जैसी कोई बात नहीं है। इसमें केवल राजनीतिक तूल देने का प्रयास किया जा रहा है।
फीडबैक में कोईदेरी नहीं
राजनीति में फीडबैक में कोई देरी नहीं होती है। यहां हर दिन ठीक करने का होता है और किसी न किसी तरह संगठन को मजबूत करने का होता है। पूर्व में सभी जिले में प्रभारी मंत्री बनाए हुए थे और उनके माध्यम से भी समय-समय पर फीडबैक मिलता रहता था। अब एक अभिनव पहल करते हुए मंत्रियों के प्रभार जिले बदले गए हैं। ताकि, फीडबैक का तुलनात्मक विश्लेषण करते हुए विकास कार्यों को गति दी जा सके।
कृषि नवाचार का हब बनेगा माउंट
कृषि मंत्री ने कहा कि माउंट आबू को कृषि नवाचारों का हब बनाया जाएगा। यहां की जलवायु अनुकूल होने से एग्रो टूरिज्म एंड फ्लॉरी कल्चर रिसर्च सेंटर बनाने की कवायद शुरू की गईहै। इसको लेकर १० करोड़ का प्रावधान रखा गया है और टेंडर प्रक्रिया शुरू की गईहै। इसके बाद इसको एग्रो टूरिज्म से जोड़ा जाएगा। फूलों की खेती होगी।
Published on:
30 Mar 2018 09:55 am

बड़ी खबरें
View Allसिरोही
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
