
sirohi
राजू जाणी
सिरोही. जिले में चहेतों को फायदा पहुंचाने लिए जमीनों की डीएलसी दर बढ़ाने का मामला सामने आया है। जिसमें क्षेत्र विशेष में डीएलसी की दर तीन गुणा तक बढ़ा दी गई। जबकि जिला स्तरीय समिति अधिकतम ५० फीसदी तक ही डीएलसी दर बढ़ा सकती है, लेकिन समिति ने चहेतों को फायदा देने के लिए ५० फीसदी से अधिक दर बढ़ाने का प्रस्ताव बनाकर महानिरीक्षक पंजीयन एवं मुद्रांक विभाग अजमेर को भेजा। इस निर्णय की पत्रावली ऐसी रफ्तार से दौड़ी कि करीब दो महीनों के भीतर बढ़ी दरों का अनुमोदन तक कर दिया गया।
दरअसल, जिले के बनास गांव में रेलवे की ओर से डीएफसी के ओवरब्रिज को लेकर भूमि अवाप्ति की जानी है। ऐसे में इस दायरे में आने वाली भूमि को अवाप्त कर मालिकों को मुआवजा दिया जाना है। सरकार की ओर से मुआवजा भूमि अवाप्ति के समय वहां की डीएलसी दर के आधार पर दिया जाता है। ऐसे में उस क्षेत्र में चहेतों को मुआवजा राशि अधिक दिलाने को लेकर डीएलसी दरों को तीन गुणा तक बढ़ाया गया।
...और इस रफ्तार से दौड़ी फाइल
बनास में ५० फीसदी से अधिक दरों को बढ़ाने को लेकर २७ जून २०१७ को जिला स्तरीय समिति की बैठक में निर्णय किया गया। इसके बाद ५ अगस्त २०१७ को कार्यालय उप पंजीयक पिण्डवाड़ा ने जिला पंजीयक (कलक्टर) को अनुशंसा कर दी। इसके तीन दिन के भीतर ८ अगस्त २०१७ को ही कलक्टर ने महानिरीक्षक पंजीयन एवं मुद्रांक विभाग अजमेर को अनुशंसा कर दी। महानिरीक्षक पंजीयन एवं मुद्रांक विभाग ने २१ अगस्त २०१७ को जिला कलक्टर को पत्र भेजकर निर्धारित प्रारूप में डीएलसी दर बढ़ाने की सूचना मांगी। इसके बाद कलक्टर ने दूसरे दिन २२ अगस्त को ही बनास में आवासीय भूमि की ८१.८८ प्रतिशत (प्रति वर्ग फीट) व व्यावसायिक भूमि की ९५.७२ प्रतिशत (प्रति वर्ग फीट) का अनुमोदन करने की अनुशंसा कर दी। जिस पर महानिरीक्षक पंजीयन एवं मुद्रांक विभाग ने १ सितम्बर २०१७ को ही इन बढ़ी हुई दरों का अनुमोदन कर दिया।
दूसरे स्थानों पर औसत २० फीसदी बढ़ोतरी
जिला समिति की बैठक में दूसरे स्थानों पर डीएलसी दरों में ज्यादा बढ़ोतरी नहीं की गई। शेष जगह की कृषि, आवासीय और व्यावसायिक भूमि की दरों में औसत 10 से २० प्रतिशत तक की वृद्धि की गई है।
तीन गुणा वृद्धि
इस बैठक से पूर्व इस जगह की वाणिज्यिक भूमि की डीएलसी 4 हजार 196 रुपए प्रति वर्ग मीटर थी। जिसे 27 जून की बैठक में हाइवे से सौ मीटर तक की दूरी की व्यावसायिक भूमि की दरें 50 प्रतिशत बढ़ाकर 6 हजार 36 0 रुपए प्रति वर्गमीटर कर दिया गया। वहीं महानिरीक्षक पंजीयन एवं मुद्रांक विभाग से ५० फीसदी से अधिक का अनुमोदन भी करा दिया गया। जिससे इस क्षेत्र में भूमि की दर 12 हजार 330 रुपए हो गई। ऐसे में सिर्फ तीन महीने में ही इस जमीन की कीमत में करीब तीन गुना तक की बढ़ोतरी कर दी गई।
पहले पूरी बात सुनी फिर बोले बैठक में हूं
इस सम्बंध में आबू-पिण्डवाड़ा विधायक समाराम गरासिया से सम्पर्क किया गया। जिस पर पहले तो उन्होंने पूरी बात सुनी और इसके बाद बोले- कि 'अभी मैं किसी बैठक में हूं। ऐसे में पूरी आवाज सुनाई नहीं दे रही है। ऐसे में इस सम्बंध में बाद में बात करेंगे।Ó
देवासी की सफाई
गोपालन राज्य मंत्री ओटाराम देवासी से सम्पर्क किया। उन्होंने फोन पर पूरी बात सुनी। फिर बोले- मैं अभी मिटिंग में हूं। इसलिए इस बारे में ज्यादा नहीं बता पाऊंगा। कल बैठकर बात करेंगे।
1राज्य मंत्री व विधायकों ने भी दी सहमति
11जमीन-जायदादों की बाजार दर निर्धारण को लेकर गठित जिला स्तरीय समिति की बैठक २७ जून २०१७ को जिला कलक्टर एवं जिला पंजीयक सिरोही की अध्यक्षता में हुई थी। जिसमें गोपालन राज्य मंत्री ओटाराम देवासी, आबू-पिण्डवाड़ा विधायक समाराम गरासिया, रेवदर विधायक जगसीराम कोली, उप महानिरीक्षक पंजीयन एवं मुद्रांक विभाग पाली विशाल दवे समेत जिलेभर के समिति सदस्य-अधिकारी मौजूद थे। जिसमें बनास में आवासीय एवं व्यावसायिक भूमि की दरों को ५० फीसदी की बढ़ोतरी करने का निर्णय किया गया। वहीं ५० फीसदी से अधिक की बढ़ोतरी के लिए प्रस्ताव तैयार कर राज्य सरकार को आवश्यक कार्यवाही के लिए भेजने का निर्णय किया गया।
&एक ही स्थान की डीएलसी दरें ज्यादा बढ़ाने के मामले में जानकारी ली जाएगी। इसके बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
-अनुपमा जोरवाल, जिला कलक्टर, सिरोही
&इस बारे में जानकारी नहीं है। फिलहाल बाहर हूं। वापस आने के बाद जानकारी लेकर ही कुछ बता पाऊंगा।
-बृजेश गुप्ता, तहसीलदार, पिण्डवाड़ा
&मैंने तो केवल मेरे क्षेत्र की ही बात रखी थी और उसके बाद बैठक से चला गया था। बनास क्षेत्र का क्या निर्णय हुआ इसके बारे में मुझे पता नहीं है।
-जगसीराम कोली, विधायक, रेवदर
Published on:
03 Aug 2018 09:50 am

बड़ी खबरें
View Allसिरोही
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
