25 अक्टूबर 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

जवाई रिवर फ्रंट का शानदार रंगारंग कार्यक्रम के बीच हुआ शुभारंभ

विधायक बोले--रिवरफ्रंट के पीछे यहीं सोच थी कि हमारे बच्चे नदी की हिफाजत व प्यार करना सीखें इसी साल डिग्गीनाडी को विकसित करने पर दो करोड़ खर्च किए जाएंगे
3 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

सिरोही

•

image

Mahendra Vaghela

•

Updated: 21 Oct 2022, 3:30 PM IST

जवाई रिवर फ्रंट का शानदार रंगारंग कार्यक्रम के बीच हुआ शुभारंभ

जवाई रिवर फ्रंट का शानदार रंगारंग कार्यक्रम के बीच हुआ शुभारंभ

शिवगंज. नगर पालिका प्रशासन की ओर से जवाई नदी किनारे करीब दो करोड़ रूपए खर्च कर तैयार करवाए गए जवाई रिवर फ्रंट का बुधवार देर शाम मुख्यमंत्री के सलाहकार विधायक संयम लोढ़ा ने जिला कलक्टर डॉ भंवरलाल एवं पुलिस अधीक्षक ममता गुप्ता की उपस्थिति में विधिवत रूप से पूजा अर्चना कर शिलालेख का अनावरण कर शुभारंभ किया। इस अवसर पर पालिका प्रशासन की ओर से एक शानदार रंगारंग संगीतमय शाम का भी आयोजन किया गया था। जिसमें द वॉयस फेम विश्वा शाह एवं उनकी सहयोगी पल्लवी दामोलकर ने हजारों की संख्या में उमड़ें श्रोताओं को देर रात तक अपनी आवाज के जादू से बांधें रखा।

समारोह को संबोधित करते हुए विधायक लोढ़ा ने कहा कि इस पार्क को इस सोच को लेकर बनाया गया था कि हमारे बच्चे नदी की हिफाजत व प्यार करना सीखे और नदी में गंदगी नहीं फैलाएं। यह सोच बच्चों में पैदा होनी चाहिए। यह एक खुबसूरत जगह बन गई है। विधायक ने कहा कि रिवर फ्रंट गार्डन का यह पहला फेज है। हमारी यह इच्छा थी कि इसे पूरा तैयार कर इसका शुभारंभ करें, लेकिन शिवगंज व सुमेरपुर के नागरिकों को यह इच्छा थी कि इसे दीपावली से पूर्व ही प्रारंभ किया जाए। विधायक लोढ़ा ने कहा कि इसके द्वितीय फेज में यहां एक बड़ी स्क्रीन लगाई जाकर एक पूरा सिस्टम तैयार किया जाएगा, ताकि कभी क्रिकेट मैच या ऐसा कोई लाइव कार्यक्रम हो तो युवा व अन्य लोग यहां बैठकर स्क्रीन पर मैच देख सके। इसके अलावा यहां बाहर की तरफ तीन फेज बनाए गए है, वहां कंटेनर रेस्टोरेंट प्रारंभ किया जाएगा। आने वाले दिनों में पालिका प्रशासन की ओर से शहर की पुरानी धरोहर डिग्गी नाडी को भी करीब दो करोड़ रूपए खर्च कर विकसित किया जाएगा। इस अवसर पर जिला कलक्टर डॉ भंवरलाल ने कहा कि दिन दिनों हैप्पीनेस इंडेक्स की काफी चर्चा होती है। इसी की परिणिति यह गार्डन भी है। दिन भर की भाग दौड़ के बीच व्यक्ति इतना तनाव में आ जाता है कि वह चाहता है कि कुछ समय अपने परिवार अथवा मित्रों के साथ ऐसी जगह पर जाए, जहां उसे आनंद मिले और उसके दिन भर का तनाव कम हो। यह रिवर फ्रंट गार्डन इसी सोच को साकार करता है। उन्होंने शिवगंज वासियों को एक बेहतरीन गार्डन का शुभारंभ होने के लिए बधाई दी।

वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुआ शुभारंभ

इससे पूर्व विधायक संयम लोढ़ा, जिला कलक्टर डॉ भंवरलाल एवं पुलिस अधीक्षक ममता गुप्ता ने गार्डन के प्रवेश द्वार पर ही बनाए गए भगवान बालाजी के मंदिर में पूजा अर्चना की। तत्पश्चात गार्डन परिसर में लगाए गए शिलाखंड पर स्थापित अनावरण पट्टिका का अनवारण किया। इस मौके पर पालिकाध्यक्ष वजींगराम घांची, कार्यवाहक उपखंड अधिकारी एवं तहसीलदार नीरज कुमारी, विकास अधिकारी हेमलता विश्नोई, सिरोही नगर परिषद के सभापति महेन्द्र मेवाडा, उप सभापति जितेन्द्र सिंघी, कार्यक्रम संयोजक डॉ रवि शर्मा, अधिशासी अधिकारी नीलकमलसिंह राणावत सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। कार्यक्रम में मंच का संचालन सोमप्रसाद साहिल व ऋषभ नागर ने किया।

आसपास के गांवों से भी उमड़े लोग

जवाई रिवर फ्रंट के लोकर्पण समारोह के दौरान अपनी प्रस्तुतियां देने आ रहे गुजरात के गायक द वॉयस फेम विश्वा शाह एवं उनकी सहयोगी पल्लवी दाभोलकर को सुनने के लिए शाम के समय जवाई नदी पर मानों पूरा शहर उमड पडा हो। इतना ही नहीं आसपास के गांवों से भी भारी संख्या में लोग रिवर फ्रंट पहुंचे। इस दौरान भारी संख्या में वाहनों की वजह से यातायात की भी समस्या हुई, लेकिन पुलिस के माकूल बंदोबस्त थे।

सांसद व राज्य सभा सांसद को नहीं बुुलाने पर जताया विरोध

कार्यक्रम में भाजपा सांसद देवजी एम पटेल एवं राज्यसभा सांसद नीरज डांगी को आमंत्रित नहीं किए जाने और शिलालेख पर भी उनका नाम नहीं लिखने को प्रोटोकॉल का उल्लंघन बताते हुए भाजपा पार्षदों ने कार्यक्रम का बहिष्कार किया। नगर पालिका में प्रतिपक्ष नेता लक्ष्मण परिहार ने संभागीय आयुक्त सहित जिला कलक्टर को पत्र भेजकर अपना विरोध प्रकट किया है।

विश्वा शाह के गानों पर झूमें युवा

द वॉयस ऑफ इंडिया फेम नवसारी गुजरात के विश्वा शाह ने जवाई रिवर फ्रंट के लोकार्पण समारोह में अपनी सुरीली आवाज से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। विश्वा ने कई तरह के गीतों से विशेषकर युवाओं को आकर्षित किया। पूरा लंदन ठुमकदा, ए मेरे दिल के चैन, सैया सैया तू जो छू ले प्यार से, केसरिया बालम, सबसे आगे होंगे हिंदुस्तानी, कबीरा मान जा तथा करीब 1 घंटे की नॉनस्टॉप मेलोडी प्रस्तुत कर सभी को झूमने पर मजबूर कर दिया। भंगड़ा नृत्य में आलम यह रहा कि लोग स्टेज पर आकर नृत्य करने लगे। उनकी साथी कलाकार पल्लवी दाभोलकर ने राॅक गीत व रीमिक्स द्वारा खूब दाद बटोरी। उन्होंने चुरा लिया है तुमने जो दिल को, सजना तेरे बिना, तम्मा तम्मा लोगे, हर किसी को नहीं मिलता यहां प्यार जिंदगी में आदि गीतों की धमाकेदार को प्रस्तुतियां दी।