
जावाल शहर होगा तीसरी आंख की जद में, चप्पे-चप्पे पर लगेंगे सीसीटीवी कैमरे
जावाल. अब नगर पालिका जावाल क्षेत्र तीसरी आंख की निगरानी में रहेगा। जिससे शहर की हर तरह की गतिविधियों पर नजर रहेगी, वहीं कोई अपराध घटित होने पर पुलिस को भी आरोपियों तक पहुंचने में मदद मिलेगी। नगरपालिका प्रशासन ने क्षेत्र में जगह-जगह पर सीसीटीवी कैमरे लगवाने का कार्य शुरू कर दिया है। आने वाले दिनों में शहर में प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने का कार्य पूरा हो सकेगा। जिससे शहर में आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगेगा।
दरअसल जावाल में जब भी चोरी की घटनाएं होती है, तब नगर के प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे नहीं होने के कारण पुलिस को आरोपी तक पहुंचने में परेशानी होती है। इसको लेकर स्थानीय लोगों द्वारा हर बार सीएलजी बैठक व पालिका बैठक में विधायक संयम लोढा की उपस्थिति में सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग उठाई जाती रही है। जिस पर अब पालिका व बरलूट पुलिस ने मिल कर नगर के मुख्य स्थानों का चयन कर उन स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने का काम शुरू कर दिया है। नगर पालिका अधिशाषी अधिकारी महेंद्र राजपुरोहित ने बताया कि कैमरों पर 19 लाख 89 हजार 487 रुपए खर्च किए जाएंगे।
यहां इतने लगेंगे कैमरे
शहर में कुल बीस कैमरे लगाए जाएंगे। जिसमें जावाल शहर के जामोत्तरा चौराहा पर 4 सीसीटीवी कैमरे, अम्बेडकर चौराहा पर 4 कैमरे, महाराणा प्रताप चौराहा पर 4 कैमरे, शाहिद स्मारक पर 3 कैमरे, रामदेवजी मंदिर पर 2 कैमरे, घांचियों के चोहटे पर 1 कैमरा, साचियाव माता मंदिर के पास 1 कैमरा व हनुमानजी मन्दिर के पास भी एक कैमरा लगाया जाएगा।
आधुनिक व उच्च क्वालिटी के होंगे कैमरे
अधिशासी अधिकारी महेंद्र राजपुरोहित ने बताया कि शहर में कुल 20 कैमरे लगाए जाएंगे। जिसमें कुछ कैमरे आधुनिक व उच्च क्वालिटी होंगे कि उनके सामने से गुजरने वाले वाहन के नम्बर भी कैप्चर हो जाएंगे।
पुलिस चौकी में होगा कंट्रोल रूम
शहर में नगर पालिका की ओर से लगने वाले सीसीटीवी कैमरों का कंट्रोल रूम पुलिस चौकी में संचालित होगा। जिसमे पुलिस अपराधिक गातिविधियों व वारदातों पर पैनी नजर रखेगी ।
Published on:
22 Dec 2022 03:25 pm
बड़ी खबरें
View Allसिरोही
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
