5 मई 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Road Accidents: तेज रफ्तार ट्रेलर ने 3 युवकों को रौंदा, उदयपुर-पालनपुर फोरलेन हाईवे पर हुआ भीषण सड़क हादसा

Udaipur-Palampur Four Lane Highway Accident: सिरोही जिले के रोहिड़ा थाना क्षेत्र में उदयपुर-पालनपुर फोरलेन हाईवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक सवार तीन युवकों को कुचल दिया।

2 min read
Google source verification
Accident

हादसे के बाद जब्त किया ट्रेलर और क्षतिग्रस्त बाइक की फाइल फोटो: पत्रिका

High Speed Trailer Hit Bike: उदयपुर-पालनपुर फोरलेन हाईवे पर सिरोही जिले के रोहिड़ा थाना क्षेत्र में भीमाना के पास सोमवार दोपहर में एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक सवारों को कुचल दिया। जिससे बाइक सवार तीन जनों की दर्दनाक मौत हो गई। सूचना मिलते ही रोहिड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के अनुसार इस भीषण सड़क दुर्घटना में दो जनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि एक जने को सिरोही ट्रोमा सेंटर रैफर किया, जिसने रास्ते में दम तोड़ दिया।

रोहिड़ा थाने के हैड कांस्टेबल रोहिताश कुमार ने बताया कि कोटड़ा अचापुरा निवासी धनाराम, जोडफ़ली रोहिड़ा निवासी राजूराम और कम्बोई वॉलोरिया निवासी बदाराम बाइक से जा रहे थे। बाइक सवार तीनों भीमाना के पास फोरलेन पार कर रहे थे, तभी सिरोही से आबूरोड की तरफ जा रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने उन्हें रौंद दिया।

टक्कर मार रौंदते हुए निकल गया तेज रफ्तार ट्रेलर

तेज रफ्तार ट्रेलर चालक ने लापरवाही पूर्वक बाइक के टक्कर मार दी, और फिर तीनों को रौंदता हुआ आगे बढ़ गया। उनके ऊपर से ट्रेलर का पहिया गुजरने से दो जनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। पुलिस के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कोटड़ा अचापुरा निवासी धनाराम व जोडफ़ली रोहिड़ा निवासी राजूराम की मौके पर मौत हो गई। जबकि कम्बोई वॉलोरिया निवासी बदाराम गंभीर रूप से घायल हो गया।

घायल बदाराम को एंबुलेंस से स्वरूपगंज सीएचसी पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक हालत को देखते हुए सिरोही ट्रोमा सेंटर रैफर किया गया। उसने भी सिरोही ले जाते समय रास्ते में ही दम तोड़ दिया। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने तीनों मृत घोषित कर दिया।

दोनों वाहन जब्त, पोस्टमार्टम के बाद शव सुपुर्द

दुर्घटना की सूचना मिलते ही अतिरिक्त जिला कलक्टर डॉ. राजेश कुमार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक किशोरसिंह, डीएसपी भंवरलाल चौधरी समेत आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है।

धनाराम और राजू राम के शव रोहिड़ा के सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाए हैं, जबकि बदाराम का शव सिरोही के सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। शाम को तीनों का पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सुपुर्द किया।

इलाके में छाया शोक

इधर, इस भीषण सड़क दुर्घटना में तीन युवाओं की मौत से इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। चहुंओर इस हादसे की ही चर्चा थी। क्षेत्र के लोगों ने कहा कि इस हाईवे पर आए दिन बड़े हादसे हो रहे हैं, इसके बावजूद इन पर रोकथाम के पुख्ता प्रबंध नहीं किए जा रहे हैं। जबकि आए दिन किसी न किसी की जान जा रही है।