
करवाचौथ को लेकर बाजार हुए गुलजार, महिलाओं की उमड़ी भीड़
सिरोही. करवा चौथ पर्व को लेकर कस्बे के बाजारों में मंगलवार को रौनक दिखी। बड़ी संख्या में महिलाएं त्योहार की तैयारियों को लेकर बाजारों में खरीदारी करती नजर आई। बाजार में बुधवार को सुबह से ही महिलाओं का बाजार में खरीददारी के लिए पहुंचना शुरू हो गया, वहीं दोपहर बाद भीड़ नजर आई। जिससे शाम तक जाम के हालत बने रहे। महिलाओं ने शृंगार के सामान के साथ साडिय़ों की जमकर खरीदारी की। जिसके चलते कस्बे के बाजार में दुकानदारों की खुशी देखते ही बन रही थी।
दुकानदारों ने बताया कि पिछले दो सालों से कोविड महामारी के चलते बाजारों से रौनक गायब थी लेकिन, अब धीरे-धीरे व्यापार-व्यवसाय पटरी पर लौटने लगा है। नवरात्र से बाजारों में ग्राहकों की भीड़ लगना शुरू हो गया। बुधवार को महिलाओं ने साडिय़ों व अन्य सामानों की खूब खरीदारी की। कोरोना काल के बाद इस बार करवा चौथ के त्योहार को लेकर दुकानदारों में भी उत्साह बना हुआ है। दुकानदारों का कहना है कि आगामी त्योहारों के चलते अब करीब 10 दिन बाजार में खरीदारी का माहौल रहेगा। ज्ञात रहे कि हिंदू धर्म में सुहागिन स्त्रियों के लिए करवा चौथ का व्रत सर्वश्रेष्ठ व्रत माना जाता है। ऐसी मान्यता है कि सुहागिन स्त्रियां अपने पति की लंबी आयु के लिए निर्जला उपवास रखती हैं। देर शाम चंद्रमा के दर्शन करने व पूजा करने के बाद स्त्रियां अपना व्रत खोलती हैं।
पिछले 14 साल से पत्नी के साथ कर रहे करवा चौथ का व्रत
करवा चौथ का व्रत सुहागिन महिलाएं अपने पति के लम्बी आयु के लिए रखती है, लेकिन कुछ पुरुष भी अपनी पत्त्नी के लिए यह व्रत रखते हैं। सिरोही निवासी समाजसेवी व व्यवसायी विजय त्रिवेदी पिछले 14 वर्षो से अपनी पत्नी के लिए करवा चौथ का निर्जला व्रत रखते आ रहे है। उन्होने बताया कि करवा चौथ के दिन सारे काम छोड़ कर पूरे दिन अपनी पत्नी के साथ ही रहते है। दिन में साथ में ही पूजा करते है तथा रात में दोनों पति- पत्नी साथ में चंद्र दर्शन कर एक दूसरे का व्रत खुलवाते है। त्रिवेदी का मानना है कि जब पत्नी अपने पति के लिए इतना कठिन व्रत रख सकती है तो, पति क्यों नहीं।
शृंगार के साथ-साथ महिलाओं ने साडिय़ों की खरीदारी भी की। करवा चौथ के व्रत को लेकर शृंगार का सामान तो हर महिला खरीदती ही है, इसलिए कॉस्मेटिक की दुकानों पर दिनभर खासी भीड़ रही।
कमल प्रजापत, दुकानदार
करवाचौथ को लेकर महिलाओं में उत्साह बना हुआ है। महिलाओं द्वारा शृंगार के सामान के साथ साथ इस बार साडिय़ों की अच्छी खरीदारी की है। बाजार में वापस रौनक लौट आई है, जो अच्छी बात है।
भरत कुमार, दुकानदार
इन दिनों त्योहारी सीजन के चलते बाजार में रौनक है। इस बार करवा चौथ का त्योहार दुकानदारी के लिहाज से अच्छा रहा है। बाजारों में अभी और खरीदारी होने की उम्मीद है।
नरेन्द्र पटेल, दुकानदार
Published on:
13 Oct 2022, 3:04 PM IST
बड़ी खबरें
View Allसिरोही
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.