सरकार व प्रशासन की उदासीनता के चलते माउंट आबू में सुप्रीम कोर्ट, हाई कोर्ट व एनजीटी के नियमों का भी खुलेआम मखौल उड़ रहा है। मुख्य शहर में बस स्टैण्ड रोड किनारे से गुजरने वाला नाला भी खुला होने के कारण गंदगी सामने नजर आने से पर्यटकों के बीच खूबसूरत शहर की छवि भी खराब हो रही है। इतना ही नहीं देलवाड़ा, तोरना, ढूंढई से होकर निकल रहा है गंदा नाला भी खुला होने से परेशानी हो रही है। वहीं, ढूंढई, माचगांव, इंदिरा कॉलोनी, अंबेडकर कॉलोनी सहित कई कॉलोनियों को अभी तक सीवरेज लाइन से नहीं जोड़ा गया है, वहीं कई होटल और अधिकतर घरों का गंदा पानी भी इन्हीं नालों से गुजरता है। जो आगे जाकर जंगल से रास्ते नदियों में मिलकर जल को दूषित कर रहा है।