माउंट आबू. ठीक एक सौ बाइस साल पूर्व 20 मई,1900 को अंग्रेजी हुकूमत ने माउंट आबू में जिस सरकारी अस्पताल भवन की नींव रखी थी, वह अब जर्जर हाल हैं। उसी अर्से में अस्पताल परिसर में चिकित्सकों व चिकित्साकर्मियों के लिए बने सरकारी आवासीय क्वार्टर भी जर्जर हालत में हैं। ऐसे हालात में दूसरों की जिंदगी बचाने वाले चिकित्साकर्मी खुद खतरे के साए में रहने, कार्य करने व सोने को मजबूर हैं। इनके बाल-बच्चे भी डर के साए में जी रहे हैं। 1902 में अस्पताल परिसर में तीन चिकित्सकों, 9 नर्सिंग कर्मियों व 6 वार्ड बॉय के लिए क्वार्टर बनवाए गए थे। जो अब पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुके हैं। कर्मचारी व उनके परिवारजन बारिश के दिनों में रातभर सो नहीं पाते। सौ साल पुरानी बिजली फिटिंग के चलते दीवारों में अक्सर करंट आता रहता है। वार्ड व मुख्य भवन में पानी टपकता है। कई उपकरण खराब हो रहे हैं। मोर्चरी भी खस्ता हालत में है।