19 जनवरी 2026,

सोमवार

Patrika LogoSwitch to English
icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

दुनिया की सबसे गहरी घाटी में मिला एशिया का सर्वाधिक ऊंचा पेड़

तिब्बत के शहर निंगची में यरलुंग त्संग्पो ग्रेंड कैन्यन नेचर रिजर्व में यह पेड़ इसी साल मई में मिला। यरलुंग त्संग्पो ग्रेंड कैन्यन विश्व की सबसे गहरी घाटी है।

2 min read
Google source verification

जयपुर

image

Kiran Kaur

Jun 23, 2023

दुनिया की सबसे गहरी घाटी में मिला एशिया का सर्वाधिक ऊंचा पेड़

दुनिया की सबसे गहरी घाटी में मिला एशिया का सर्वाधिक ऊंचा पेड़

बीजिंग। प्रकृति अपने भीतर अनेकों रहस्य छिपाए हुए है। इन्हीं रहस्यों की खोज में लगे वैज्ञानिकों को एशिया का सबसे ऊंचा पेड़ तिब्बत में मिला है। चीन की पेकिंग यूनिवर्सिटी के शोधकर्ताओं के अनुसार यह साइप्रस पेड़ 335 फीट ऊंचा है, जिसका व्यास 9.6 फीट है। न्यूयॉर्क के स्टैच्यू ऑफ लिबर्टी (305 फीट) से भी बड़ा यह पेड़ दुनिया का दूसरा सबसे ऊंचा वृक्ष भी है। तिब्बत के शहर निंगची में यरलुंग त्संग्पो ग्रेंड कैन्यन नेचर रिजर्व में यह पेड़ इसी साल मई में मिला। यरलुंग त्संग्पो ग्रेंड कैन्यन विश्व की सबसे गहरी घाटी है। फिलहाल इस पेड़ की प्रजाति स्पष्ट नहीं है, लेकिन संभावना है कि या तो यह हिमालयी साइप्रस (क्यूप्रेसेस टोरुलोसा) है या तिब्बती साइप्रस (क्यूप्रेसेस गिगेंटिया)।

वनस्पतियों और जीवों के संरक्षण प्रयासों का केंद्र है निंगची:

इस खोज से पहले यह खिताब मलेशिया के येलो मेरांती (शोरिया फागुएटियाना) पेड़ के पास था। वैज्ञानिक पिछले एक साल में तिब्बत में सबसे ऊंचे पेड़ के रेकॉर्ड को कई बार संशोधित कर चुके हैं। गत वर्ष अप्रेल में वैज्ञानिकों को तिब्बत की मेडोग काउंटी में 252 फीट का एक पेड़ मिला था। इसके बाद अक्टूबर में 274 फीट ऊंचे एक पेड़ के बारे में जाऊ काउंटी में पता चला। अब इस नई खोज के बाद सबसे ऊंचे पेड़ के एशियाई रेकॉर्ड को भी अपडेट किया गया है। ये सभी विशाल वृक्ष तिब्बत के निंगची शहर में मिले हैं । यह क्षेत्र वनस्पतियों और जीवों की रक्षा के लिए संरक्षण प्रयासों का केंद्र रहा है। शोधकर्ताओं ने इस क्षेत्र की पर्यावरणीय विविधता को बेहतर ढंग से समझने और पारिस्थितिक संरक्षण प्रयासों में मदद करने के लिए ऊंचे पेड़ों का रेकॉर्ड तैयार किया है।

तकनीक की मदद से मिला सटीक डिजिटल रेकॉर्ड:

कई दिनों के फील्ड सर्वे के बाद ऊंचाई को नापने के लिए वैज्ञानिकों ने ड्रोन सहित कई तकनीकों का इस्तेमाल कर पेड़ के 3डी पॉइंट क्लाउड मॉडल तैयार किए। 3डी पॉइंट क्लाउड किसी भी चीज का अत्यधिक सटीक डिजिटल रेकॉर्ड होता है, जिससे शोधकर्ताओं को वस्तु के विभिन्न आयामों और आकार के बारे में तुरंत पता चल जाता है। वैज्ञानिकों ने इस क्षेत्र में बड़ी तादाद में अधिक ऊंचाई वाले अन्य पेड़ों की भी खोज की है। इनमें से 50 पेड़, 279 फीट और 25 पेड़, 295 फीट से भी अधिक ऊंचे पाए गए। वैज्ञानिकों का मानना है कि यह खोज जैव विविधता संरक्षण के लिए काफी महत्त्वपूर्ण है।

जटिल शाखा प्रणाली जीवों के लिए आदर्श आवास:

सैंकड़ों फीट ऊंचा यह साइप्रस पेड़ काफी खास है क्योंकि इसकी जड़े पूरी तरह से भूमिगत नहीं हैं। साथ ही सहायक जड़ों का एक बड़ा हिस्सा जमीन पर फैला हुआ है। पेड़ में एक जटिल शाखा प्रणाली भी है जो कुछ लुप्तप्राय पौधों, जानवरों के लिए आदर्श वातावरण और आवास प्रदान करती है।वर्तमान में दुनिया का सबसे ऊंचा पेड़ अमरीका के कैलिफोर्निया में हाइपेरियन है। यह पेड़ सैंकड़ो साल पुराना है, जिसकी ऊंचाई 380 फीट है। रेडवुड प्रजाति के इस पेड़ की खोज 2006 में हुई थी। इस प्रजाति के सभी पेड़ आमतौर पर 300 फीट से अधिक ऊंचाई के होते हैं।