खास खबर

यूरोप के हॉलीडे हॉटस्पॉट्स पर पड़ रही भीषण गर्मी की मार

हीटवेव स्पेन, इटली और अन्य लोकप्रिय हॉलीडे डेस्टिनेशंस को प्रभावित कर रही है। ब्रिटिश विदेश कार्यालय ने इटली, स्पेन या ग्रीस की यात्रा करने वाले अपने नागरिकों के लिए चरम मौसम को लेकर चेतावनी जारी की है। साथ ही लोगों से यह भी कहा गया है कि अगर वे अपनी यात्राएं रद्द करते हैं तो उन्हें कोई मुआवजा नहीं दिया जाएगा।

2 min read
Jul 23, 2023

लंदन। रेकॉर्ड तोड़ गर्मी से लेकर विनाशकारी जंगल की आग तक यूरोपीय देश चरम मौसम के प्रभावों से जूझ रहे हैं। मौसम विज्ञानियों ने चेताया है कि आने वाले दिनों में दक्षिणी यूरोप में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के उच्च स्तर तक जाने की आशंका है। हीटवेव स्पेन, इटली और अन्य लोकप्रिय हॉलीडे डेस्टिनेशंस को प्रभावित कर रही है। ब्रिटिश विदेश कार्यालय ने इटली, स्पेन या ग्रीस की यात्रा करने वाले अपने नागरिकों के लिए चरम मौसम को लेकर चेतावनी जारी की है। साथ ही लोगों से यह भी कहा गया है कि अगर वे अपनी यात्राएं रद्द करते हैं तो उन्हें कोई मुआवजा नहीं दिया जाएगा।

बिजली की मांग देखते हुए स्पेन ने सारे गैस संयंत्र किए चालू:

विश्व मौसम विज्ञान संगठन ने भी गर्मी बढऩे की आशंका जताते हुए कहा कि यह दौर अगस्त तक जारी रह सकता है। अधिक गर्मी से बचने के लिए पर्यटक पूर्वी यूरोप और डेनमार्क, स्वीडन सहित ठंडी जलवायु वाले देशों का रुख करने लगे हैं। आने वाले दिनों में स्पेन के सेविले के पास गुआडलक्विविर घाटी में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक होने की आशंका है। ला पाल्मा के स्पेनिश कैनरी द्वीप पर जंगल की आग बेकाबू होने से 4,000 से अधिक लोगों को विस्थापित होना पड़ा है। वहीं बढ़ती बिजली की मांग से निपटने के लिए स्पेन में सभी गैस संयंत्रों को चालू कर दिया गया है।

इटली के कई शहरों में गर्म मौसम का अलर्ट जारी:

इटली के 2३ शहरों के लिए गर्म मौसम का अलर्ट जारी है। बीते दिनों इटली के सार्डिनिया में एक ब्रिटिश पर्यटक को भीषण गर्मी के कारण बेहोश होने पर समुद्र तट से एयरलिफ्ट करना पड़ा था। यहां स्थानीय लोगों और पर्यटकों को दिन के समय तेज धूप से बचने के लिए कहा गया है। दो साल पहले यूरोप का उच्चतम तापमान 48.8 डिग्री सेल्सियस इटली के सिसली में दर्ज किया गया था। इस साल सार्डिनिया का तापमान इससे भी अधिक होने की आशंका बनी हुई है। रोम के कुछ हिस्सों में बिजली कटौती की मार पड़ रही है क्योंकि एयर कंडीशनर की भारी मांग के कारण इलेक्ट्रिक ग्रिड पर लोड बढ़ रहा है।

ग्रीस और फ्रांस में गर्मी तोड़ रही पुराने रेकॉर्ड:

गर्मी का असर इतना ज्यादा है कि ग्रीस के पर्यटन केंद्रों में से एक एथेंस एक्रोपोलिस को कुछ दिन के लिए बंद करना पड़ा। एथेंस के पास जंगलों में लगी भीषण आग हवाओं के बढऩे से और भी बेकाबू हो गई। इस देश ने हाल ही 50 वर्षों के दौरान जुलाई में सबसे गर्म वीकेंड की सामना किया है। वहीं, बीता महीना फ्रांस के इतिहास का दूसरा सबसे गर्म जून रहा। मौसम विभाग का कहना है कि इस देश में तापमान फिर से बढ़ेगा और पिछले सारे रेकॉर्ड तोड़ देगा। क्रोएशिया में भी पिछले सप्ताह हालात बेहतर नहीं रहे, जब जंगलों की आग ने लोगों को विस्थापन के लिए मजबूर कर दिया।

क्या है हीटवेव: हीटवेव असामान्य रूप से गर्म मौसम की अवधि है, जो कई दिनों तक चलती है। यह कई कारकों के कारण हो सकती है जिसमें उच्च दबाव प्रणाली, गर्म समुद्री धाराएं और जेट स्ट्रीम में परिवर्तन शामिल है। भीषण गर्मी की लहरें दुनियाभर में मौत के सबसे बड़े मौसम संबंधी कारणों में से एक है।

Published on:
23 Jul 2023 12:23 pm
Also Read
View All

अगली खबर