बेंगलूरु. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को शिवमोग्गा में हवाई अड्डे का उद्घाटन किया। लगभग 450 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित, हवाईअड्डे के संचालन से पर्यटन, आईटी उद्योग और अन्य क्षेत्रों के विकास में मदद मिलेगी।
इस मौके पर मोदी ने कहा कि भाजपा शासन के दौरान छोटे शहरों और कस्बों तक विकास की पहुंच संभव हुई है। उन्होंने कहा कि ‘डबल इंजन’ सरकार के तहत विकास की गति बढ़ी है।शिवमोग्गा में हवाई अड्डा मलनाडु क्षेत्र के लोगों के लिए अवसरों के द्वार खोलेगा।
मोदी ने कहा, भाजपा की सरकार, गांव व गरीब की किसान है। यह गरीबों के कल्याण के लिए काम करने वाली सरकार है। कर्नाटक में बीते साढ़े तीन वर्षों में 40 लाख ग्रामीण परिवारों तक पाइप से पानी पहुंचाया गया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई, आवास और बुनियादी ढांचा विकास मंत्री वी. सोमन्ना, कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री बी.एस. येडियूरप्पा व केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी उपस्थित थे।