
सोयला में फार्म हाउस से जब्त एमडी ड्रग्स बनाने के उपकरण। फोटो: पत्रिका
जोधपुर। सोयला गांव स्थित फार्म हाउस से एमडी ड्रग्स बनाने के लैब और उपकरण व कैमिकल पकड़ने के मामले में सनसनीखेज खुलासा हुआ है। नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) का दावा है कि फार्म हाउस में एमडी ड्रग्स की लैब से दो सौ किलो ड्रग्स बनाने और मारवाड़ ही नहीं, बल्कि राजस्थान व देश के कई राज्यों में हजारों युवाओं का भविष्य खोखला करने की साजिश थी।
इस ड्रग्स को बेचकर तस्कर गिरोह का सरगना विदेश में बसने का सपना संजोए हुए था। एमडी ड्रग्स की लैब पकड़ने के मामले में मूलत: सियारा हाल सारण नगर निवासी योगेन्द्र खिलेरी उर्फ योगी, सारण नगर निवासी प्रेम कुमार व बावड़ी तहसील के खारी खुर्द गांव निवासी सहयोगी गौतम आरोपी है। उनकी तलाश की जा रही है।
गत वर्ष 25 दिसम्बर को महाराष्ट्र की एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने बेंगलुरू में मेफेड्रोन (एमडी) ड्रग्स बनाने के तीन कारखानों पर छापा मारा था। 55.88 करोड़ रुपए की मशीनें व कैमिकल के साथ 21.4 किलोग्राम दवाएं जब्त की गईं थी। यह लैब मूलत: भोपालगढ़ तहसील के सियारा गांव हाल सारण नगर निवासी योगेन्द्र उर्फ योगी खिलेरी की थी। वह पकड़ा नहीं जा सका था। उसने सिर्फ एक महीने में बेंगलुरू से ड्रग्स बनाने के लिए उपकरण व कैमिकल सोयला में शिफ्ट कर दी थी।
एनसीबी ने गत 25 जनवरी को जेडीए सर्कल के पास बाइक सवार खाण्डा फलसा निवासी देवेन्द्र कुमार उर्फ डीके व केरू निवासी राजेन्द्र जाखड़ से 1.089 किलो ड्रग्स जब्त की गई थी। इनसे पूछताछ के बाद मण्डोर निवासी प्रदीप परिहार व लोहावट थाना क्षेत्र में अचलेश जाखड़ को गिरफ्तार किया गया था। इनसे जब्त एमडी ड्रग्स बेंगलुरू की लैब में बनाई गई थी। इनसे पूछताछ में सोयला में प्रेम कुमार के फार्म हाउस में एमडी ड्रग्स लैब होने की जानकारी मिली थी।
तब एनसीबी व जोधपुर ग्रामीण पुलिस ने संयुक्त छापा मारकर कैमिकल व उपकरण जब्त किए थे। लैब में दो सौ किलो एमडी ड्रग्स बनाए जाने की क्षमता थी। योगेन्द्र व सारण नगर निवासी प्रेम कुमार इस ड्रग्स को न सिर्फ जोधपुर व मारवाड़ बल्कि राजस्थान और देश के मेट्रो शहरों तक सप्लाई करने वाले थे। यह ड्रग्स बेचकर वे विदेश में बसने की साजिश रचे हुए थे।
मारवाड़ में ड्रग्स गंभीर मामला है। सोयला में एमडी ड्रग्स बनाने की लैब पकड़ी है। दो सौ किलो ड्रग्स बनाने की साजिश थी। समय पर कार्रवाई से बेतहाशा संख्या में युवा नशे की दलदल में आने से बच गए। ड्रग्स बेचकर आरोपी विदेश भागने की साजिश रचे हुए थे।
-घनश्याम सोनी, निदेशक, नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) जोधपुर फोकस की वर्ड
फोटो कैप्शन: सोयला में फार्म हाउस से जब्त एमडी ड्रग्स बनाने के उपकरण।
Published on:
01 Feb 2026 08:50 am
बड़ी खबरें
View Allजोधपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
