23 अगस्त 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Asian Games 2026: भारत की 12 सदस्यीय स्विमिंग टीम का ऐलान, वेदांत माधवन से लेकर आर्यन नेहरा तक लिस्ट में शामिल

Asian Games: एशियन गेम्स 2026 के लिए भारत की 12 सदस्यीय स्विमिंग टीम घोषित हो गई है। वेदांत माधवन, श्रीहरि नटराज, साजन प्रकाश और आर्यन नेहरा से मेडल की उम्मीदें हैं।
2 min read
Google source verification

भारत

image

Saurabh Mall

Aug 23, 2026

Asian Games 2026

भारत ने घोषित की 12 सदस्यीय स्विमिंग टीम, वेदांत माधवन समेत ये स्टार तैराक शामिल (सोर्स: ओलम्पिक एक्स यूजर)

Asian Games 2026 Latest Update: भारत ने एशियन गेम्स 2026 के लिए अपनी 12 सदस्यीय स्विमिंग टीम घोषित कर दी है। टीम में वेदांत माधवन, श्रीहरि नटराज और साजन प्रकाश जैसे चर्चित नाम टीम का हिस्सा हैं। आर्यन नेहरा भी अपनी शानदार फॉर्म के दम पर टीम में जगह बनाने में सफल रहे हैं।

एशियन गेम्स 2026 का आयोजन जापान के आइची-नागोया में होगा। स्विमिंग प्रतियोगिताएं 20 से 25 सितंबर तक टोक्यो एक्वेटिक्स सेंटर में आयोजित की जाएंगी। भारत की नजर इस बार लंबे समय से चले आ रहे पदक के सूखे को खत्म करने पर होगी।

वेदांत माधवन पर रहेंगी खास नजरें

एक्टर आर माधवन के 21 वर्षीय बेटे वेदांत माधवन टीम के प्रमुख युवा चेहरों में शामिल हैं। वह पुरुषों की 200 मीटर फ्रीस्टाइल और 200 मीटर बैकस्ट्रोक में उतरेंगे। उन्हें 4x200 मीटर फ्रीस्टाइल रिले टीम में भी जगह मिली है।

जून में हुई नेशनल चैंपियनशिप में वेदांत ने 200 मीटर फ्रीस्टाइल के फाइनल में 1:53.89 का अपना सर्वश्रेष्ठ समय निकाला था। वह इस रेस में चौथे स्थान पर रहे थे। वेदांत के अलावा दो बार के ओलंपियन श्रीहरि नटराज भी टीम में हैं। वह 50 मीटर बैकस्ट्रोक में चुनौती पेश करेंगे। साजन प्रकाश 100 और 200 मीटर बटरफ्लाई में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।

आर्यन नेहरा और रोहित बेनेडिक्टॉन ने बढ़ाई उम्मीदें

डिस्टेंस स्विमर आर्यन नेहरा भी टीम के अहम खिलाड़ियों में हैं। उन्होंने हाल के घरेलू सीजन में शानदार प्रदर्शन किया है। आर्यन 800 और 1500 मीटर फ्रीस्टाइल में उतरेंगे। आर्यन 800 मीटर फ्रीस्टाइल में आठ मिनट से कम समय निकालने वाले पहले भारतीय तैराक बने। उन्होंने 7:59.36 का राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया। इसके अलावा उन्होंने 1500 मीटर फ्रीस्टाइल का भी राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ा।

बटरफ्लाई -एक्सपर्ट रोहित बेनेडिक्टॉन पर भी नजरें रहेंगी। उन्होंने नेशनल चैंपियनशिप में 50 मीटर बटरफ्लाई का अपना राष्ट्रीय रिकॉर्ड एक ही दिन में दो बार बेहतर किया था।

12 साल बाद पदक का सूखा खत्म करने का लक्ष्य

भारत की टीम में रोहित बेनेडिक्टॉन, ऋषभ दास, वेदांत माधवन, आकाश मणि, श्रीहरि नटराज, आर्यन नेहरा, उत्कर्ष संतोष पाटिल, साजन प्रकाश, हीर गीतेश शाह, धक्षण शशिकुमार, अनीश सुनील कुमार गौड़ा और दानुष सुरेश शामिल हैं।

टीम के कई तैराक हाल ही में ग्लासगो में हुए राष्ट्रमंडल खेलों में भी नजर आए थे। साजन 200 मीटर बटरफ्लाई के फाइनल तक पहुंचे थे। श्रीहरि ने 100 मीटर बैकस्ट्रोक के सेमीफाइनल में जगह बनाई थी। आर्यन ने 800 और 1500 मीटर फ्रीस्टाइल के फाइनल में हिस्सा लिया था।

भारत ने एशियन गेम्स में तैराकी का आखिरी पदक 2014 में जीता था। संदीप सेजवाल ने इंचियोन में 50 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक में कांस्य पदक हासिल किया था। अब 12 साल बाद भारतीय तैराकी टीम की नजर एक बार फिर पदक पर है।