महिला कोच ने हरियाणा के खेल मंत्री संदीप सिंह पर यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए हैं। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने एफआईआर दर्ज करते हुए कोच को निष्पक्ष जांच का भरोसा दिया है। इधर, खेल मंत्री संदीप सिंह ने यौन उत्पीड़न के आरोपों को झूठा बताते हुए जांच रिपोर्ट आने तक अपने पद से इस्तीफा दे दिया है।
एक महिला एथलेटिक्स कोच ने हरियाणा के खेल मंत्री संदीप सिंह पर यौन उत्पीड़न के आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज कराई है। चंडीगढ़ पुलिस के पीआरओ ने बताया कि यौन उत्पीड़ने के इस मामले में आईपीसी की धारा 354, 354ए, 354बी, 342 और 506 में केस दर्ज किया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं, खेल मंत्री संदीप सिंह ने यौन उत्पीड़न के आरोपों को झूठा बताया है। उन्होंने कहा कि मेरी छवि खराब करने का प्रयास किया जा रहा है। मुझे पूरी उम्मीद है कि आरोपों की गहन जांच की जाएगी। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट आने तक मैं मुख्यमंत्री को इस्तीफा सौंपता हूं।
खेल राज्य मंत्री संदीप सिंह मुश्किलों में फंसते नजर आ रहे हैं। मंत्री पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाने वाली एक जूनियर एथलेटिक्स कोच ने चंडीगढ़ एसएसपी से शिकायत की है। वहीं, दूसरी ओर खेल विभाग की महिला उपनिदेशक कविता खुद खेल मंत्री के पक्ष में आ गई हैं। उन्होंने खेल निदेशालय में प्रेस कान्फ्रेंस करते हुए मंत्री को क्लीन चिट देकर जूनियर एथलेटिक्स कोच पर ही संदेह जताया है।
चंडीगढ़ एसएसपी से की थी शिकायत
महिला कोच ने चंडीगढ़ एसएसपी को यौन उत्पीड़न के मामले में लिखित शिकायत देते हुए पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी थी। इसके साथ ही खेल मंत्री के खिलाफ केस दर्ज करने की मांग की। बता दें कि महिला कोच कथित छेड़छाड़ के लिए इनेलो विधायक अभय सिंह चौटाला से भी मिल चुकी है।
मुख्यमंत्री से भी करेंगी मुलाकात
महिला एथलेटिक्स कोच का कहना है कि वह इस लड़ाई को लड़ने के लिए मुख्यमंत्री मनोहर लाल और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा से भी मुलाकात करेंगी। कोच ने कहा कि एसएसपी ने शिकायत सुनने के बाद निष्पक्ष जांच का भरोसा दिया है।