Tokyo Olympics 2020: आज भारत को पदक की उम्मीद है। इंडिया की बैडमिंटन स्टार पीवी सिंधु कांस्य पदक के लिए चुनौती पेश करेंगी। वहीं पुरुष हॉकी टीम का क्वार्टर फाइनल में ग्रेट ब्रिटेन से मुकाबला होगा।
Tokyo Olympics 2020: टोक्यो ओलंपिक का आज 10वां दिन है। आज भारत को पदक की उम्मीद है। इंडिया की बैडमिंटन स्टार पीवी सिंधु कांस्य पदक के लिए चुनौती पेश करेंगी। वहीं पुरुष हॉकी टीम का क्वार्टर फाइनल में ग्रेट ब्रिटेन से मुकाबला होगा। इसके साथ ही बॉक्सिंग में भी आज भारत को पदक की उम्मीद है। मुक्केबाज सतीश कुमार क्वार्टर फाइनल का मुकाबला खेलेंगे। क्वार्टर फाइनल में उनका सामना उज्बेकिस्तान के बखोदिर जालोलोव से होगा। अगर सतीश यह मुकाबला जीत जाते हैं तो वह अपना मेडल पक्का कर लेंगे।
सिंधु से ब्रॉन्ज मेडल की उम्मीद बरकरार
रियो ओलंपिक की रजत पदक विजेता पीवी सिंधु से टोक्यो ओलंपिक में पदक की उम्मीद थी। टोक्यो ओलंपिक में सिंधु ने शानदार प्रदर्शन किया था, लेकिन शनिवार को हुए सेमीफाइनल के मुकाबले में सिंधु को हार का सामना करना पड़ा। इस हार से उनका गोल्ड मेडल का सपना टूट गया। हालांकि अभी भी उनके पास कांस्य पदक हासिल करने का मौका है। कांस्य पदक मैच के लिए पीवी सिंधु का मुकाबला आज ही ही बिंगजियाओ से होगा।
सेमीफाइनल में मिली सिंधु को हार
शनिवार को पीवी सिंधु का सेमीफाइनल में मुकाबला वर्ल्ड की नंबर एक शटलर चीनी ताइपे की ताई जू यिंग से हुआ। इस मुकाबले में सिंधु को 21-18, 21-12 से सीधे सेटों में हार का सामना करना पड़ा। पहले सेट में सिंधु ने आक्रामक शुरुआत की। वहीं 11-8 से पिछड़ने के बाद ताई जू यिंग ने जोरदार वापसी करते हुए स्कोर 13-13 पर बराबर ला दिया। हालांकि यिंग ने गेम 21-18 से अपने नाम कर लिया। वहीं दूसरे सेट में भी ताई यू जिंग ने अच्छा प्रदर्शन किया और मैच 21-12 से अपने पक्ष में कर लिया। सेमीफाइनल में सिंधु की हार के साथ ही बैडमिंटन में भारत का गोल्ड मेडल का सपना टूट गया।
यह भी पढ़ें— tokyo olympics 2020 : डिस्कस थ्रो में कमलप्रीत कौर फाइनल में पहुंचीं, मेडल की उम्मीद बढ़ी
पुरुष हॉकी में भारत का मुकाबला ब्रिटेन से
वहीं आज पुरुष हॉकी में भारत क्वार्टर फाइनल मैच में ग्रेट ब्रिटेन से मुकाबला करेगी। टोक्यो ओलंपिक में भारतीय पुरुष हॉकी टीम का प्रदर्शन अब तक अच्छा रहा है। भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने अब तक 4 मैच जीते हैं। इससे पहले पूल ए में भारतीय पुरुष हॉकी टीम का मुकाबला जापान से हुआ था। इस मुकाबले में भारत ने जापान को 5—3 से हरा दिया था। इस मैच के पहले क्वॉर्टर 12वें मिनट में हरमनप्रीत सिंह ने पेनल्टी कॉर्नर के जारिए पहला गोल दागा था। वहीं भारत की तीफ से दूसरा गोल गुरजंत ने 17वें मिनट में किया। जापान ने 31वें मिनट में बराबरी कर ली थी लेकिन इसके तुरंत बाद भारत ने एक गोल दागते हुए जापान पर बढ़त बना ली थी। इसके बाद भारत ने अपनी बढ़त जारी रखी और 5 गोल कर जापान को हरा दिया।