बारिश शुरू होते ही विद्युत आपूर्ति ठप हो गई और दो घंटे बाद बहाल हो सकी। इसके बाद शाम को भी कई विद्युत कट लगे
श्रीकरणपुर. कस्बे में बुधवार दोपहर करीब ढाई बजे मौसम ने अचानक पलटा खाया और तेज बारिश का दौर चला। करीब सवा घंटे तक हुई झमाझम से मौसम खुशनुमा हो गया। शाम को वातावरण में ठंडक होने से आमजन के चेहरे खिल गए। इधर, बरसात से निचले इलाकों व अन्य कई गलियों में पानी भर गया। वार्ड तीन, चार, पांच, छह, सात, आठ, 17, 18 व 19 आदि एरिया में जमा पानी की तीन घंटे बाद निकासी हो सकी। बारिश शुरू होते ही विद्युत आपूर्ति ठप हो गई और दो घंटे बाद बहाल हो सकी। इसके बाद शाम को भी कई विद्युत कट लगे। उधर, तहसील कार्यालय से मिली जानकारी अनुसार कस्बे में 38 एमएम बारिश हुई।
बरसात ने बढ़ाई किसानों की चिंता
आसपास ग्रामीण क्षेत्र में भी अच्छी बरसात का समाचार है। इसे लेकर किसान काफी चिंतित हैं। उनका कहना है कि बेमौसमी बरसात फसलों के लिए नुकसानदायक है। गांव खरलां के किसान दर्शनलाल मेहता ने बताया कि बरसात से नरमा, ग्वार, गन्ना व मूंग की फसल को काफी नुकसान हुआ है। वहीं, किसान संगठन जीकेएस के जिला पदाधिकारी चमकौरसिंह बराड़ ने बताया कि गुलाबी सुंडी के प्रकोप से किसान पहले ही परेशान था। रही सही कसर बरसात ने पूरी कर दी। मामले में गुरुवार को जिला मुख्यालय पर किसानों की बैठक होगी और मुआवजे के लिए जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा जाएगा।