श्रीकरणपुर. रामदेवरा से ट्रेन पर वापस आ रहे गांव 14 एस माझीवाला के युवक की मौत के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर बुधवार को परिजन व अन्य लोगों ने थाने के सामने धरना लगाया। इस दौरान दोपहर बाद महाजन एसएचओ व स्थानीय डीएसपी से ठोस कार्रवाई का आश्वासन मिलने पर शाम को करीब साढ़े चार बजे धरना उठाया गया और इसके बाद गांव में युवक का अंतिम संस्कार किया गया।
जानकारी अनुसार गांव 14 एस माझीवाला के युवक रतन सिंह की मौत के प्रकरण में ठोस कार्रवाई की मांग को लेकर उसकी मां माया बाई व भाई लखा सिंह सहित काफी ग्रामीण व अन्य लोग दोपहर करीब 12 बजे थाने के सामने एकत्र हुए और वहां धरना लगा लिया। इस दौरान डेढ़ बजे डीएसपी सुधा पालावत व सीआइ सतीश यादव वहां पहुंचे तो धरनार्थियों समनदीप सिंह, सरपंच पवन कुमार, सरपंच कुलविंद्रसिंह संधू, सतपाल सिंह, शिवभगवान मेघवाल, जसविंद्रसिंह चोपड़ा व मुकेश मोहनपुरिया सहित काफी अन्य लोगों ने मामले में ठोस कार्रवाई होने तक धरना उठाने से इनकार कर दिया। वहीं, उनका कहना था कि स्थानीय थाने में उनकी सुनवाई नहीं की गई। इस पर सीआइ यादव ने बताया कि मामला सामने आते ही उन्होंने ना केवल युवक की पड़ताल में मदद की बल्कि एक नामजद को आरोपी को दस्तयाब करने के साथ अन्य के बारे में भी जानकारी जुटाकर महाजन पुलिस को बताई। करीब 20 मिनट तक वार्ता के बाद भी धरनार्थी अपनी बात पर अड़े रहे तो पुलिस अधिकारी वापस चले गए।
महाजन पुलिस आई…सहमति बनी
इसके बाद करीब तीन बजे बारिश के दौरान महाजन एसएचओ गणेश बिश्नोई व डीएसपी सुधा पालावत धरनास्थल पर पहुंचे और मृतक की मां सहित अन्य धरनार्थियों को मामले में त्वरित व ठोस कार्रवाई का भरोसा दिलाया। महाजन एसएचओ ने कहा कि प्रकरण में मुकदमा दर्ज करने के साथ टे्रन में सवार अन्य सहयात्रियों से जानकारी जुटाई जा रही है। वहीं, बीकानेर, श्रीकरणपुर व अन्य रेलवे स्टेशनों के आसपास सीसीटीवी कैमरे भी खंगाले जा रहे हैं। डीएसपी की ओर से स्थानीय स्तर पर सहयोग व महाजन एसएचओ की ओर से मामले में निष्पक्ष व उचित कार्रवाई का भरोसा मिलने पर शाम करीब साढ़े चार बजे लोगों ने धरना उठा लिया।
यह था मामला
गौरतलब है कि रामदेवरा से ट्रेन पर वापस आ रहे गांव 14 एस माझीवाला के रतन सिंह (24) पुत्र ईशर सिंह का शव मंगलवार सुबह बीकानेर जिले के महाजन कस्बे के निकट रेल पटरियों के पास मिला था। मामले में बड़े भाई लखा सिंह ने हत्या की आशंका जताई और सोमवार को ट्रेन पर आते समय रतन सिंह से मोबाइल पर हुई बातचीत के आधार पर गांव के ही विक्रमसिंह घुक्कर व डीजे का काम करने वाले तीन-चार अन्य युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था।