
श्रीगंगानगर.रबी सीजन 2026 में किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने के लिए सरसों और चना की न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर सरकारी खरीद के लिए राजफेड के श्रीगंगानगर क्षेत्रीय कार्यालय के अंतर्गत श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ जिलों में खरीद की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। राजफेड के श्रीगंगानगर, कोटा, अजमेर और भरतपुर क्षेत्रीय कार्यालयों में किसानों का ऑनलाइन पंजीकरण 15 मार्च से शुरू होगा, जबकि खरीद 25 मार्च से प्रारंभ की जाएगी। वहीं जयपुर, जोधपुर, उदयपुर और बीकानेर क्षेत्रीय कार्यालयों में पंजीकरण 20 मार्च से और खरीद 1 अप्रेल से शुरू होगी।भारत सरकार ने इस वर्ष सरसों का न्यूनतम समर्थन मूल्य 6200 रुपये प्रति क्विंटल तथा चना का 5875 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया है। राज्य में सरसों की 13.78 लाख मीट्रिक टन और चना की 5.53 लाख मीट्रिक टन खरीद की सीमा तय की गई है।
राजफेड के क्षेत्रीय कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार श्रीगंगानगर जिले में सरसों और चना खरीद के लिए 57 केंद्र स्थापित किए गए हैं। इनमें 22 क्रय-विक्रय सहकारी समितियों तथा 35 ग्राम सेवा सहकारी समितियों के स्तर पर केंद्र बनाए गए हैं। वहीं हनुमानगढ़ जिले में 11 क्रय-विक्रय सहकारी समितियों और 14 ग्राम सेवा सहकारी समितियों सहित कुल 25 खरीद केंद्र स्थापित किए गए हैं। जिलेवार लक्ष्य के अनुसार श्रीगंगानगर में 12 लाख क्विंटल सरसों और 2 लाख क्विंटल चना खरीदने का लक्ष्य रखा गया है, जबकि हनुमानगढ़ में 10 लाख क्विंटल सरसों और 5 लाख क्विंटल चना की खरीद की जाएगी। प्रति किसान अधिकतम 40 क्विंटल उपज की खरीद होगी।
किसान क्यूआर कोड स्कैन कर या ई-मित्र के माध्यम से ऑनलाइन पंजीकरण करवा सकेंगे। खरीद किसानों की आधार आधारित बायोमीट्रिक पहचान के बाद की जाएगी। राजफेड ने किसानों की सुविधा के लिए 18001806001 कॉल सेंटर भी स्थापित किया है।
Published on:
12 Mar 2026 12:40 pm
बड़ी खबरें
View Allश्री गंगानगर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
